दुनिया

Israel-Iran War: इजरायली जहाज पर ईरानी सेना ने किया कब्जा, 17 भारतीय सवार; सुरक्षित रिहाई के लिए भारत सरकार ने Iran से साधा संपर्क

Israel-Iran War: ईरान शनिवार को होर्मुज की खाड़ी में एक इजरायली-लिंक्ड मालवाहक जहाज को जब्त कर लिया। इस जहाज पर 17 भारतीय भी सवार हैं जिसके बाद भारत सरकार ने सभी भारतीयों की सुरक्षित वापसी के लिए ईरान से संपर्क किया है।

Image

17 भारतीयों को मुक्त कराने के लिए ईरान के संपर्क में है भारत

Photo : ANI

Israel-Iran War: भारत हॉर्मुज जलडमरूमध्य के निकट शनिवार को ईरानी सेना द्वारा जब्त किये गए एक इजराइली अरबपति कारोबारी के आंशिक स्वामित्व वाली कंपनी से संबद्ध मालवाहक जहाज पर सवार 17 भारतीय नागरिकों को मुक्त कराने के लिए ईरान के संपर्क में है। ईरान और इजराइल के बीच तनाव बढ़ने की पृष्ठभूमि में यह घटनाक्रम हुआ है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि भारत ने अपने नागरिकों की सलामती और उन्हें शीघ्र मुक्त कराने को सुनिश्चित करने के लिए राजनयिक माध्यमों से तेहरान और नयी दिल्ली, दोनों स्थानों पर ईरानी अधिकारियों के समक्ष यह विषय उठाया है।

17 भारतीय नागरिक सवार

सीरिया में 12 दिन पहले ईरानी वाणिज्य दूतावास पर हुए हमले के जवाब में इजराइली क्षेत्र पर ईरान के हमला करने की आशंका बढ़ने के बीच यह घटना हुई। सूत्रों ने कहा कि ‘हम जानते हैं कि मालवाहक जहाज ‘एमएससी एरीज’ को ईरान ने अपने कब्जे में ले लिया है। हमें पता चला है कि जहाज पर 17 भारतीय नागरिक सवार हैं।’ उन्होंने कहा कि ‘हम भारतीय नागरिकों की सुरक्षा, कुशलता और उन्हें शीघ्र मुक्त कराना सुनिश्चित करने के लिए तेहरान और दिल्ली, दोनों जगहों पर राजनयिक माध्यमों से ईरानी अधिकारियों के संपर्क में हैं।’

ईरान को भुगतने होंगे अंजाम- डेनियल हागेरी

ईरान की समाचार एजेंसी आईआरएनए की खबर के अनुसार, पुर्तगाल के ध्वज वाले जहाज का संचालन जोडियाक मेरीटाइम शिपिंग कंपनी कर रही है, जिसका आंशिक स्वामित्व इजराइली कारोबारी इयाल ओफर के पास है। आईआरएनए की खबर में कहा गया है कि इस्लामिक रिवोल्यूशन गार्ड कोर (IRGC) के विशेष नौसेना बलों ने शनिवार को हॉर्मुज जलडमरूमध्य के पास एमसीएस एरीज (MCS Aries) नाम के जहाज को जब्त कर लिया और वे इसे ईरान के जल क्षेत्र की ओर ले जा रहे हैं। तनाव बढ़ने के बीच, इजराइली सैन्य प्रवक्ता डेनियल हागेरी ने कहा कि ‘स्थिति को और अधिक गंभीर बनाने का विकल्प चुनने के अंजाम ईरान को भुगतने होंगे।’ ब्रिटेन की मेरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस एजेंसी ने घटना की संक्षिप्त जानकारी देते हुए संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के फुजैराह तट पर क्षेत्रीय अधिकारियों द्वारा जहाज को जब्त करने का उल्लेख किया। हालांकि, इसने ईरानी सेना की संलिप्तता का जिक्र नहीं किया।

दमिश्क में एक अप्रैल को ईरानी वाणिज्य दूतावास पर हमले के बाद पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ गया है। ईरानी मीडिया ने बताया कि हमले में दो जनरल सहित रिवोल्यूशनरी गार्ड के सात कर्मी मारे गए। हमले का बदला लेने का ईरान द्वारा संकल्प लेने के बाद, तेल अवीव से मीडिया में आई खबरों में कहा गया कि इजराइली सेना किसी भी अकस्मात स्थिति के लिए तैयारी कर रही है। शुक्रवार को, अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने ईरान को इजराइल पर हमले के खिलाफ चेतावनी दी थी। भारत ने शुक्रवार को एक परामर्श जारी करते हुए अपने नागरिकों को ईरान और इजराइल की यात्रा नहीं करने की सलाह दी थी।

Shashank Shekhar Mishra
Shashank Shekhar Mishraauthor

शशांक शेखर मिश्रा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल (www.timesnowhindi.com) में बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। इन्हें पत्रकारिता में करीब 5 वर्षों का अनुभव है। इन पांच सालों में देश की राजनीति से लेकर देश-दुनिया में बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों एवं घटनाओं को कवर करने का अनुभव है। राजनीति, रक्षा और आटोमोबाइल्स की खबरों में विशेष रूचि के साथ खोजी पत्रकारिता और स्टिंग ऑपरेशन का भी अनुभव है। टाइम्स नाउ नवभारत में देश-दुनिया की खबरों के साथ रियल टाइम डेस्क पर कार्य करने का अनुभव है। शशांक ने इन 5 वर्षों के पत्रकारिता के कैरियर के दौरान टेलीविजन और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव हासिल किया है। टाइम्स नाउ नवभारत में बतौर कॉपी एडिटर जुड़ने से पहले जागरण न्यू मीडिया, इनशार्ट्स, जी हिंदुस्तान और न्यूज हेल्पलाइन में सब एडिटर, रिपोर्टर और असिस्टेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुके हैं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन से पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन एंड टीवी जर्नलिज्म किया हैं। शशांक को जिम जाना, एडवेंचर एक्टिविटी करना और नई तकनीक को जानना और समझना बेहद पसंद है। इसके अलावा शशांक को ड्राइव करना और अध्यात्म में भी काफी रुचि हैं। शशांक शेखर मिश्रा उत्तर प्रदेश की राजधानी और नवाबों के शहर के रूप में फेमस लखनऊ से ताल्लुक रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article