दुनिया

ईरान के बाद अब लेबनान पर इजराइल का हमला, बमों के धमाकों से दहला बेरूत

ईरान पर सफल एयर स्ट्राइक के बाद अब इजराइल ने लेबनान पर हमला बोल दिया है। इजराइली सेना ने लेबनान में मौजूद हिज्बुल्लाह के ठिकानों पर बमबारी की है।

Image

इजराइल का लेबनान पर हमला (फोटो- IDF)

इजराइली वायुसेना अब लेबनान में हिज्बुल्लाह के ठिकानों पर बमबारी कर रही है। सोमवार सुबह-सुबह ही इजराइल ने बेरूत के कई इलाकों में बमों की बारिश कर दी है। बेरूत शहर में कई धमाके सुने गए हैं। अभी तक की मिली जानकारी के अनुसार इजराइल के इस हमले में हिज्बुल्लाह को भारी नुकसान पहुंचा है। IDF ने कहा है कि उसकी वायुसेना ने लेबनान में हिज़्बुल्लाह के सैन्य ठिकानों पर व्यापक हवाई हमले शुरू कर दिए हैं। यह कार्रवाई उस समय हुई जब उत्तरी इजराइल की ओर प्रोजेक्टाइल दागे जाने की खबरें सामने आईं।

बेरूत के दक्षिणी इलाकों में धमाकों की खबर

IDF के बयान के साथ ही लेबनान की राजधानी बेरूत के दक्षिणी दाहिये इलाके में विस्फोटों की सूचना मिली। दाहिये क्षेत्र को हिज़्बुल्लाह का गढ़ माना जाता है। इजराइली सेना का कहना है कि वह लेबनान भर में हिज़्बुल्लाह के सैन्य ढांचे और लॉन्च साइट्स को निशाना बना रही है। इजराइली सेना ने लेबनान के लगभग 50 गांवों के लोगों से हमलों की आशंका के मद्देनजर सुरक्षित स्थानों पर चले जाने का आग्रह किया है। इजराइली सेना ने कहा कि उसने सीमा पार से आई एक मिसाइल को हवा में ही निष्क्रिय कर दिया, जबकि कई अन्य मिसाइलें खुले इलाकों में गिरीं। इन हमलों में किसी के घायल होने या नुकसान की सूचना नहीं है। हिजबुल्ला ने एक बयान में कहा कि ये हमले ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या और ’’इजराइल की बार-बार आक्रामक कार्रवाइयों’’ के जवाब में किए गए हैं।

प्रोजेक्टाइल हमलों के जवाब में कार्रवाई

IDF ने कहा कि उत्तरी इजराइल की ओर हुई गोलीबारी और रॉकेट हमलों के जवाब में यह सैन्य अभियान शुरू किया गया है। सेना का आरोप है कि हिज्बुल्लाह ईरानी शासन के समर्थन से इजराइली नागरिकों पर हमले कर रहा है और इस तरह लेबनान को बड़े संकट की ओर धकेल रहा है।इजराइल लंबे समय से हिज्बुल्लाह पर ईरान के प्रभाव में काम करने का आरोप लगाता रहा है। मौजूदा घटनाक्रम को भी उसी व्यापक क्षेत्रीय संघर्ष की कड़ी के रूप में देखा जा रहा है।

‘ऑपरेशन रोअरिंग लायन’ के तहत तैयारी

IDF के अनुसार, उसकी सेनाएं ‘ऑपरेशन रोअरिंग लायन’ के तहत पहले से ही ऐसे परिदृश्य के लिए तैयार थीं। सेना ने कहा है कि वह “ऑल-फ्रंट्स” यानी बहु-मोर्चीय संघर्ष की स्थिति के लिए भी तैयार है। विश्लेषकों का मानना है कि यदि हमले और जवाबी कार्रवाई जारी रहती है, तो यह टकराव इजराइल-लेबनान सीमा से आगे बढ़कर व्यापक क्षेत्रीय संघर्ष का रूप ले सकता है।

क्षेत्रीय स्थिरता पर खतरा

लेबनान पहले ही गंभीर आर्थिक और राजनीतिक संकट से जूझ रहा है। ऐसे में इजराइल और हिज्बुल्लाह के बीच बढ़ता सैन्य तनाव देश की स्थिरता के लिए बड़ा खतरा बन सकता है। स्थिति पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजरें टिकी हैं, क्योंकि किसी भी बड़े सैन्य टकराव का असर पूरे मध्य पूर्व और वैश्विक सुरक्षा पर पड़ सकता है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article