दुनिया

Israel Hamas War Update: हमास के हमले में 10 नेपाली छात्रों की मौत, कई घायल

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Oct 8, 2023, 09:49 PM IST

Israel Hamas War Update: इजराइल में हमास के हमले में सैनिकों समेत कम से कम 350 इजराइली मारे गए हैं और 1,900 से अधिक घायल हुए हैं। इसे बीते 50 साल में देश में हुआ सबसे भीषण हमला कहा जा रहा है।

Image

इजराइल में फंसे नेपाली छात्रों की मौत

Photo : AP

Israel Hamas War Update: इजराइल हमास के बीच जारी जंग में अन्य देशों के लोग भी मारे जाने लगे हैं। खबर है कि 10 नेपाली छात्र हमास के हमले में मारे गए हैं, ये इजराइल पढ़ाई करने गए थे।

नेपाल ने की पुष्टि

इजराइल में नेपाली राजदूत कांता रिजाल के अनुसार, हमास आतंकवादियों द्वारा किए गए घातक हमलों के दौरान इजराइल में कम से कम 10 नेपाली नागरिकों के मारे जाने की पुष्टि हुई है। उन्होंने नेपाली मीडिया को बताया कि उग्रवादी हमलों में मरने वाले सभी छात्र थे, जो इजरायली सरकार के "सीखो और कमाओ" पैकेज पर वहां पहुंचे थे। रिजाल ने नेपाली मीडिया को बताया कि हमले में तीन अन्य नेपाली नागरिक घायल हो गए। बताया जाता है कि जानलेवा हमले में मारे गए लोग नेपाल के अलग-अलग विश्वविद्यालयों से वहां पहुंचे छात्र थे। रिजाल के मुताबिक, मृतकों की पहचान नारायण प्रसाद न्यूपाने, गणेश कुमार नेपाली, आशीष चौधरी, दीपेश राज बिस्ता, आनंद साह, राजेश कुमार स्वर्णकार, राजन फुलारा, पदम थापा, प्रवेश भंडारी और लोकेंद्र सिंह धामी के रूप में हुई है। डांग के डागीशरण-3 के बिधान सेजवाल और प्रवीण डांगी घायल हो गए और वर्तमान में एक स्थानीय अस्पताल में उनका इलाज किया जा रहा है। दोनों की हालत गंभीर है। उन्होंने कहा कि मृतकों के शवों को नेपाल भेजने का प्रयास किया जा रहा है।

हजारों नेपाली इजराइल में रहते हैं

सऊद ने पीटीआई से कहा था कि 11 नेपाली छात्रों से संपर्क स्थापित नहीं हो सका और उनके हताहत होने की आशंका है। हम हताहतों की सही संख्या का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं। विदेश मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार 'सीखो और कमाओ' कार्यक्रम के तहत 17 नेपाली छात्र दक्षिणी इजराइल के कुबुज अलुमिम में रह रहे थे। उनमें से दो छात्र सुरक्षित निकलने में सफल रहे और तीन छात्र घायल हो गए। विदेश मंत्रालय के सूत्रों ने बताया कि घायल नेपाली छात्रों का अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। फिलहाल 4,500 नेपाली इजराइल में काम कर रहे हैं वहीं 265 नेपाली छात्र 'सीखो और कमाओ' योजना के तहत विभिन्न कृषि कंपनियों में काम कर रहे हैं।

हमास ने किया है भीषण हमला

इजराइल में हमास के हमले में सैनिकों समेत कम से कम 350 इजराइली मारे गए हैं और 1,900 से अधिक घायल हुए हैं। इसे बीते 50 साल में देश में हुआ सबसे भीषण हमला कहा जा रहा है। इजराइल के जवाबी हमले में गाजा पट्टी में लगभग 300 लोगों की मौत हुई है जबकि करीब 1,500 घायल हुए हैं।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article