इजराइल को गाजा सीमा से सटी एक बहुत बड़ी सुरंग मिली है। कहा जा रहा है कि इस सुरंग को हमास ने बनाया था और इजराइल के खिलाफ हमले को यहीं से अंजाम दिया था। हमास के इस सुरंग के पता चलने के बाद इजराइल की खुफिया क्षमता पर अब सवाल उठने लगे हैं। मोसाद की क्षमता पर सवाल उठने लगे हैं। आखिर मोसाद जैसी एजेंसी की नाक के नीचे इतना बड़ा सुरंग हमास ने बनाया कैसे?
गाजा की सबसे बड़ी सुरंग
इजराइली सेना ने रविवार को कहा कि उसने गाजा में उस स्थान के करीब एक बड़ी सुरंग ढूंढ निकाली है, जो किसी जमाने में इजराइल में प्रवेश के लिए व्यस्त जगहों में से एक मानी जाती थी। सुरंग के मिलने से इजराइली खुफिया एजेंसियों की कार्यशैली पर सवाल उठ रहा है कि सात अक्टूबर को घातक हमले के लिए हमास की इस तरह की विशिष्ट तैयारियों पर उनसे चूक कैसे हुई।
कहां-कहां से निकलती है ये सुरंग
सुरंग का प्रवेश मार्ग किलेबंद इरेज क्रॉसिंग और पास के इजरायली सैन्य अड्डे से केवल कुछ सौ मीटर की दूरी पर है। सेना ने कहा कि सुरंग चार किलोमीटर से ज्यादा लंबी और उसकी चौड़ाई इतनी है कि उसमें से गाड़ियां आराम से गुजर सकती हैं। सेना के मुताबिक, यह सुरंग गाजा में एक बड़े सुरंग नेटवर्क से जुड़ी हुई है, जहां से सात अक्टूबर के हमले की तैयारी के लिए वाहनों, चरमपंथियों और हथियारों की आपूर्ति की गई हो सकती है।
हमले के लिए इस्तेमाल किया?
हालांकि अभी साफ नहीं है कि इस सुरंग का इस्तेमाल सात अक्टूबर को किया गया था या नहीं। सेना के प्रवक्ता मेजर निर दीनार ने कहा कि इजराइली सुरक्षा बलों को सात अक्टूबर से पहले सुरंग के बारे में पता नहीं था क्योंकि इजराइल की सीमा सुरक्षा ने केवल इजराइल में प्रवेश करने वाली सुरंगों का ही पता लगाया था।
