Parliament Security Breach: संसद सुरक्षा चूक मामले में गिरफ्तार आरोपी ललित झा के सोशल मीडिया पर भी दिल्ली पुलिस कड़ी नजर रही है। ललित झा के सोशल मीडिया पोस्ट देखकर पुलिस भी हैरान रह गई है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने बताया कि ललित के कुछ पोस्ट, जिनमें से एक में कहा गया है, "भारत को बम की जरूरत है", जांच के दायरे में हैं।
भड़काऊ पोस्ट
दिल्ली पुलिस के सूत्रों ने कहा कि ललित ने 13 दिसंबर, बुधवार को संसद सुरक्षा उल्लंघन से कुछ हफ्ते पहले 26 अक्टूबर को अपने सोशल मीडिया हैंडल पर "भारत को एक बम की जरूरत है" पोस्ट डाला था। उसने बंगाली में लिखते हुए कहा- "भारत को आज जिस चीज की जरूरत है वह एक बम है। इसे अत्याचार, अन्याय और अराजकता के खिलाफ एक मजबूत आवाज की जरूरत है।"
जांच में जुटी पुलिस
दिल्ली पुलिस ने कहा, ललित ने अपने सोशल मीडिया पर इसी तरह के भड़काऊ पोस्ट किए हैं। 5 नवंबर को लिखे एक अन्य पोस्ट में ललित ने लिखा कि जो कोई भी आजीविका और अधिकारों के बारे में बात करता है, चाहे वह कोई भी हो, उसे 'कम्युनिस्ट' करार दिया जाता है। ललित झा का सोशल मीडिया इसी तरह के भड़काऊ पोस्ट से भरा पड़ा है, इसी वजह से स्पेशल सेल ललित के सोशल मीडिया लिंक की जांच कर रही है। स्पेशल सेल ने कहा कि वह यह भी जांच कर रही है कि ललित सोशल मीडिया पर किसके संपर्क में था, यह भी जांच कर रही है कि क्या कथित सुरक्षा उल्लंघन मास्टरमाइंड सोशल मीडिया पर दूसरों से बात कर रहा था और यदि हां, तो क्या कहा गया था।
ललित झा कर रहा पुलिस को गुमराह
स्पेशल सेल ने कहा कि उसके पास यह मानने के कारण हैं कि ललित सोशल मीडिया की मदद से लोगों को गुमराह करता था। इसके अलावा, दिल्ली पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, ललित, गिरफ्तार होने के बाद से जांचकर्ताओं को 'गुमराह' कर रहा है। स्पेशल सेल ने दूरसंचार सेवा प्रदाता को भी पत्र लिखकर ललित और अन्य चार आरोपी व्यक्तियों के बारे में जानकारी मांगी है। दिल्ली पुलिस के सूत्रों ने बताया कि स्पेशल सेल की टीम ललित से मिले सुरागों का जमीनी सत्यापन कर रही है।
