दुनिया

अमेरिकी चेतावनी के बाद ढीले पड़े नेतन्याहू के तेवर, 22 मौतों के बाद इजरायल-हिजबुल्लाह सीजफायर को फिर लागू करने पर सहमत

दक्षिणी लेबनान में तबाही मचाने के बाद अब इजराइल और चरमपंथी समूह हिजबुल्लाह को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है। दोनों ने ही युद्धविराम को आगे बढ़ाने पर सहमति जताई है।

Image

इजरायल और हिजबुल्लाह में सीजफायर पर बनी सहमति (Image: AP)

दक्षिणी लेबनान में भीषण संघर्ष के बीच इजरायल और हिजबुल्लाह ने एक बार फिर युद्धविराम (सीजफायर) लागू करने पर सहमति जताई है। क्षेत्रीय और अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, इस समझौते में अमेरिका, कतर और ईरान ने मध्यस्थ की भूमिका निभाई। हालांकि,समझौते को लेकर अभी तक इजरायल और हिजबुल्लाह की ओर से आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। तीन अधिकारियों ने दोनों पक्षों के बीच सहमति बनने की जानकारी दी। इन तीन अधिकारियों में दो क्षेत्रीय और एक अमेरिकी अधिकारी हैं।

बीती रात दक्षिणी लेबनान में इजरायल ने मचाई तबाही, कुल 22 मौतें

यह सहमति ऐसे समय में बनी है जब बीते दिन दोनों पक्षों के बीच जंग तेज हो गई थी। इजराइली सेना ने शुक्रवार को दक्षिणी लेबनान और पूर्वी बेका घाटी में हिजबुल्लाह के कई ठिकानों पर हवाई हमले किए। इजराइली हवाई हमलों में कम से कम लेबनान में 18 लोगों की मौत हो गई थी। वहीं, इजराइल ने दावा किया कि दक्षिणी लेबनान में लड़ाई के दौरान उसके एक लेफ्टिनेंट कर्नल समेत चार सैनिक मारे गए, जबकि ड्रोन हमले में पांच अन्य सैनिक घायल हुए हैं।

टाल दी गई थी अमेरिका और ईरान के बीच प्रस्तावित वार्ता

संघर्ष के कारण शुक्रवार को स्विट्जरलैंड में अमेरिका और ईरान के बीच प्रस्तावित वार्ता भी स्थगित कर दी गई। इस बैठक में अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के शामिल होने की भी संभावना थी। अब मध्यस्थ देश बातचीत के नए कार्यक्रम पर काम कर रहे हैं।

अमेरिका ने तरेरी आंखें

बता दें कि अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ईरान के साथ समझौते को लेकर काफी उत्साहित हैं, वे नहीं चाहते कि किसी वजह से पश्चिम एशिया में तनाव और भड़के। इसी लिए उन्होंने इजरायल को लेबनान को लेकर नई नीति बनाने के लिए कहा था। साथ ही उन्होंने नेतन्याहू से हमले रोकने को भी कहा था। वहीं नेतन्याहू लगातार लेबनान में हिजबुल्लाह के खिलाफ सैन्य कार्रवाई जारी रखे हैं। बीते दो दिन पहले इससे नाराज ट्रंप ने तो यहां तक कह दिया था कि अगर अमेरिका न होता तो इजरायल भी न होता। वहीं, बीते दिन अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने भी उनकी तीखी आलोचना की थी। उन्होंने कहा था कि नेतन्याहू सरकार को जमीनी हकीकत को समझना होगा। व्हाइट हाउस में आयोजित एक ब्रीफिंग के दौरान वेंस ने कहा था कि अमेरिका इजरायल की सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता पर कायम है, लेकिन नेतन्याहू सरकार को जमीनी हकीकत को समझना होगा और शांति प्रक्रिया के महत्व को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।

वहीं, इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने साफ किया है कि जब तक हिजबुल्लाह से पैदा होने वाला सुरक्षा खतरा पूरी तरह खत्म नहीं हो जाता, तब तक इजराइली सेना लेबनान से पीछे नहीं हटेगी। ऐसे में युद्धविराम पर सहमति के बावजूद क्षेत्र में शांति कितनी टिकाऊ होगी, इस पर सवाल बने हुए हैं।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article