दुनिया

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री की बहन 30 दिन की हिरासत में; इमरान के बाद अब अलीमा भी पहुंची सलाखों के पीछे

पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान खान की बहन अलीमा खान को हिरासत में लिया गया है। अलीमा खान को लाहौर से हिरासत में लेकर कोट लखपत जेल भेज दिया गया है।

Image

इमरान खान की बहन अलीमा खान गिरफ्तार।

इस्लामाबाद: पाकिस्तान में पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की बहन अलीमा खान को पुलिस ने हिरासत में लिया है। रॉयटर्स ने पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) की पंजाब इकाई के प्रवक्ता के हवाले से बताया कि पुलिस ने लाहौर स्थित उनके घर से अलीमा खान को हिरासत में लिया।

सूत्रों के मुताबिक, अलीमा खान को लाहौर से हिरासत में लेकर कोट लखपत जेल भेज दिया गया है। वह 2023 से जेल में बंद अपने भाई इमरान खान की रिहाई की मांग को लेकर लगातार आवाज उठाती रही हैं।

30 दिन की हिरासत का आदेश

अलीमा खान को पंजाब में लागू ‘मेंटेनेंस ऑफ पब्लिक ऑर्डर ऑर्डिनेंस, 1960’ के तहत हिरासत में लिया गया है। इस कानून के तहत स्थानीय प्रशासन ऐसे व्यक्ति को हिरासत में ले सकता है, जिसे सार्वजनिक शांति के लिए खतरा माना जाता हो। लाहौर के डिप्टी कमिश्नर मुहम्मद अली इजाज ने अलीमा खान की 30 दिनों की हिरासत का आदेश जारी किया है। पंजाब के इस कानून के तहत हिरासत में लिए गए व्यक्ति को हाईकोर्ट में आदेश को चुनौती देने का अधिकार है। इसके अलावा वह प्रांतीय सरकार के समक्ष भी हिरासत आदेश के खिलाफ अपनी बात रख सकता है।

घर से निकलते समय हिरासत में लेने का दावा

इमरान खान की एक दूसरी बहन नूरीन नियाजी ने अलीमा की गिरफ्तारी के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उन्हें अलीमा को कोट लखपत जेल ले जाए जाने की जानकारी मिली है। नूरीन ने दावा किया कि अलीमा को उनके घर से निकलते समय हिरासत में लिया गया। नूरीन ने कहा, "मुझे नहीं पता कि वे इतने चिंतित क्यों हैं कि महिलाओं को भी गिरफ्तार कर रहे हैं।"

PTI ने गिरफ्तारी का विरोध किया

PTI के केंद्रीय सूचना सचिव शेख वकास अकरम ने अलीमा खान की हिरासत की निंदा की और उन्हें तुरंत अदालत में पेश करने की मांग की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा, "एक बहन को अपने भाई के लिए आवाज उठाने की सजा दी जा रही है।"

27 सितंबर को प्रदर्शन की तैयारी

यह कार्रवाई इमरान खान की बहन PTI के प्रस्तावित विरोध मार्च से पहले हुई है। इमरान खान की रिहाई की मांग को लेकर पार्टी की ओर से देशभर में विरोध प्रदर्शन की तैयारी की जा रही है। इसके मद्देनजर पाकिस्तानी अधिकारियों ने राजधानी इस्लामाबाद में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।

इमरान खान की रिहाई की मांग

इमरान खान को अप्रैल 2022 में अविश्वास प्रस्ताव के बाद सत्ता से हटा दिया गया था। वह अगस्त 2023 से जेल में हैं और उनके खिलाफ कई कानूनी मामले चल रहे हैं। PTI के प्रस्तावित प्रदर्शन में इमरान खान की रिहाई की मांग प्रमुख मुद्दा रहने की उम्मीद है। पार्टी लंबे समय से उनकी रिहाई की मांग करती रही है। इमरान खान पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री होने के साथ देश की राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान भी रहे हैं। वह अगस्त 2023 से जेल में हैं।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article