दुनिया

अमेरिका ने ईरान के खर्ग द्वीप पर इस पड़ोसी मुस्लिम देश से किया हमला, तेहरान बोला- इसका जवाब देंगे, होर्मुज रूट पर किया बड़ा ऐलान

Iran FM Araghchi News: अराघची ने बताया कि इन हमलों का निशाना खर्ग द्वीप था, जहां ईरान के तेल निर्यात के मुख्य टर्मिनल स्थित हैं और दूसरा निशाना अबू मूसा था, जो होर्मुज जलडमरूमध्य के मुहाने के पास स्थित एक रणनीतिक द्वीप है।

Image

अमेरिका ने ईरान के खर्ग द्वीप पर इस पड़ोसी मुस्लिम देश से किया हमला

Kharg Islands Under Attack: ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने रविवार को अमेरिका पर आरोप लगाया कि उसने संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से फारसी खाड़ी में ईरान के दो द्वीपों पर हमले किए हैं। ईरान के विदेश मंत्री अराघची का दावा है खर्ग द्वीप पर अमेरिकी हमले UAE से किए गए। ईरानी सरकारी मीडिया 'प्रेस टीवी' के अनुसार, ईरान ने चेतावनी दी कि तेहरान इसका जवाब देगा।

अराघची ने बताया कि इन हमलों का निशाना खर्ग द्वीप था, जहां ईरान के तेल निर्यात के मुख्य टर्मिनल स्थित हैं और दूसरा निशाना अबू मूसा था, जो होर्मुज जलडमरूमध्य के मुहाने के पास स्थित एक रणनीतिक द्वीप है।

उन्होंने कहा, 'कल रात उन्होंने खर्ग द्वीप और अबू मूसा द्वीप पर तोपखाने-रॉकेट प्रणाली 'HIMARS' से हमला किया, जो कि एक कम दूरी की मारक क्षमता वाली रॉकेट प्रणाली है।'

दुबई के नजदीक से किया गया हमला

उन्होंने दावा किया कि ये रॉकेट UAE के अलग-अलग स्थानों से दागे गए थे, जिनमें रास अल खैमाह और दुबई के नजदीक का एक इलाका शामिल है। उन्होंने कहा, 'उन्होंने ये रॉकेट हमारे पड़ोसियों की जमीन से दागे। यह बिल्कुल साफ है कि वे हम पर हमला करने के लिए हमारे पड़ोसियों के इलाके का इस्तेमाल कर रहे हैं, और यह बात बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं है।'

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर ईरान का बड़ा ऐलान

वहीं, अराघची ने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य खुला हुआ है। अमेरिका और इजरायल को छोड़कर बाकी सारे देश जहां इस जलमार्ग से जहाज लेकर गुजर सकते हैं। यह सिर्फ हमारे दुश्मनों के टैंकरों और जहाजों के लिए बंद है जो हम पर हमला कर रहे हैं।'

ईरान ने अपने द्वीप पर अमेरिकी बमबारी के बाद जवाबी हमले किए

पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के बीच शनिवार को इराक की राजधानी बगदाद में अमेरिकी दूतावास परिसर के अंदर एक हेलीपैड पर मिसाइल से हमला हुआ जबकि संयुक्त अरब अमीरात में ईरान की रोकी गई मिसाइल का मलबा तेल संयंत्र पर गिर गया।

एसोसिएटेड प्रेस की तस्वीरों में बगदाद में स्थित अमेरिकी दूतावास से धुआं उठता दिखा। इसके अलावा यूएई में फुजैरा बंदरगाह में आग लगती हुई दिखी है, जहां अधिकारियों के अनुसार एक ड्रोन को मार गिराया गया है।

इससे एक दिन पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि अमेरिका ने ईरान के तेल नेटवर्क के लिए महत्वपूर्ण माने जाने वाले एक द्वीप पर सैन्य ठिकानों को तबाह कर दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर ईरान ने होर्मूज जलडमरूमध्य के रास्ते जहाजों को जाने की अनुमति नहीं दी तो उसके तेल प्रतिष्ठान अगला निशाना होंगे।

ईरान के तेल नेटवर्क के लिए महत्वपूर्ण द्वीप पर बमबारी की: ट्रंप

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका ने ईरान के तेल नेटवर्क के लिए महत्वपूर्ण एक द्वीप पर स्थित सैन्य ठिकानों को शुक्रवार को नष्ट कर दिया और चेतावनी दी कि अगर ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों के आवागमन में हस्तक्षेप करना जारी रखता है तो उसकी तेल अवसंरचना को निशाना बनाया जाएगा।

ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी सेना ने शुक्रवार को ईरान के खर्ग द्वीप पर स्थित ठिकानों को पूरी तरह नष्ट कर दिया। खार्ग द्वीप पर ईरान के तेल निर्यात का मुख्य टर्मिनल है।

ईरान ने कहा था कि यदि ऐसा हमला किया गया तो उसकी ओर से और भी बड़े स्तर की जवाबी कार्रवाई की जाएगी।

इस बीच एक अमेरिकी अधिकारी ने कहा कि ईरान के साथ युद्ध के लगभग दो सप्ताह बाद पश्चिम एशिया में 2,500 और मरीन एवं एक युद्धपोत भेजा जा रहा है।

ईरान इजराइल और पड़ोसी खाड़ी देशों को निशाना बनाकर मिसाइल और ड्रोन हमले जारी रखे हुए है। ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य को प्रभावी रूप से बंद कर दिया है जिससे दुनिया के तेल व्यापार का पांचवां हिस्सा गुजरता है। वहीं, अमेरिकी और इजराइली युद्धक विमान समूचे ईरान में सैन्य और अन्य लक्ष्यों पर बमबारी कर रहे हैं।

इस बीच लेबनान में मानवीय संकट और गहरा हो गया है। लेबनान में हमले में लगभग 800 लोग मारे गए हैं और 850,000 लोग विस्थापित हुए हैं क्योंकि इजराइल ने ईरान समर्थित हिजबुल्ला चरमपंथियों के खिलाफ हमले शुरू किए हैं और चेतावनी दी है कि कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी।

पश्चिम एशिया में तैनात अमेरिकी सैनिकों की कुल संख्या स्पष्ट नहीं है, लेकिन कतर में स्थित अल-उदैद वायु सेना अड्डे पर ही आमतौर पर लगभग 8,000 अमेरिकी सैनिक तैनात रहते हैं। यह क्षेत्र के सबसे बड़े वायु अड्डों में से एक है।

ट्रंप ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि फारस की खाड़ी में स्थित खार्ग द्वीप पर अमेरिकी हमले में सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया, लेकिन फिलहाल उसके तेल बुनियादी ढांचे को नुकसान नहीं पहुंचाया गया है। लेकिन ट्रंप ने चेतावनी दी कि अगर ईरान या कोई और देश होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों के आवागमन में बाधा डालता है, तो वह तेल बुनियादी ढांचे को नष्ट न करने के अपने फैसले पर पुनर्विचार करेंगे।

Nitin Arora
Nitin Arora author

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदे... और देखें

End of Article