क्रिकेट

Syed Mushtaq Ali Trophy 2026: शिवम दुबे और अंगकृष रघुवंशी ने दिलाई मुंबई को छत्तीसगढ़ के खिलाफ धमाकेदार जीत

मुंबई ने छत्तीसगढ़ को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के ग्रप डी के मुकाबले में 9 विकेट के अंतर से मात दी। मुंबई की जीत की इबारत शिवम दुबे, अंगकृष रघुवंशी और मुशीर खान ने लिखी। ऐसा रहा मैच के पल पल का हाल।

Image

शिवम दुबे

कोलकाता: मुंबई ने अंगकृष रघुवंशी की नाबाद 84 रन की पारी और मुशीर खान के तेजी से बनाए गए नाबाद 29 रन की मदद से रविवार को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के ग्रुप डी मैच में छत्तीसगढ़ को नौ विकेट से हरा दिया। रघुवंशी ने 63 गेंद की पारी में आठ चौके और तीन छक्के जड़े जबकि मुशीर ने 16 गेंद में तीन चौके और एक छक्का लगाया, इससे मुंबई ने ईडन गार्डन्स में 18.5 ओवर में एक विकेट पर 162 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। हार्दिक तामोर ने भी 34 गेंद में 42 रन का योगदान दिया। उन्होंने रघुवंशी के साथ पहले विकेट के लिए 105 रन की साझेदारी करके मुंबई की जीत की नींव रखी।

159 रन पर ढेर हुई छत्तीसगढ़ की टीम

पहले गेंदबाजी का फैसला करने वाली मुंबई की टीम ने छत्तीसगढ़ को 18.2 ओवर में 159 रन पर समेट दिया। शिवम दुबे ने 3.2 ओवर में 21 रन देकर तीन विकेट लिए जबकि तुषार देशपांडे और मैक्सवेल स्वामीनाथन ने दो-दो विकेट हासिल किए। छत्तीसगढ़ ने राहुल प्रधान (05) और अमनदीप खरे (14) के शुरुआती दो ओवर में आउट होने के बावजूद तेज शुरुआत की। कप्तान विकल्प तिवारी ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 18 गेंद में आठ चौकों की मदद से 41 रन बनाए जबकि देव आदित्य सिंह चार रन बनाकर शार्दुल ठाकुर का शिकार बने।

78 रन पर गंवा दिए थे 5 विकेट

सातवें ओवर में 78 रन के स्कोर पर पांचवां विकेट गिरने के बाद छत्तीसगढ़ की मध्यक्रम की बल्लेबाजी लड़खड़ा गई। विजय यादव (11), अजय मंडल (10) और विकेटकीपर शशांक चंद्राकर (एक) बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। प्रतीक यादव ने 20 गेंद में 14 रन बनाए, लेकिन छत्तीसगढ़ को प्रतिस्पर्धी स्कोर तक पहुंचने के लिए आखिरी ओवरों में अच्छी साझेदारी की जरूरत थी। जयंत यादव और धर्मेंद्रसिंह जडेजा ने नौवें विकेट के लिए 51 रन जोड़कर टीम को संभाला। जयंत ने 16 गेंद में चार चौके की मदद से 24 रन बनाए जबकि जडेजा ने 20 गेंद में दो चौके और दो छक्कों की मदद से 28 रन का योगदान दिया। वह तिवारी के बाद छत्तीसगढ़ के दूसरे सफल बल्लेबाज रहे। हालांकि दुबे ने जयंत और जडेजा को लगातार ओवरों में आउट करके 19वें ओवर में छत्तीसगढ़ की पारी समाप्त कर दी। लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई ने 13वें ओवर में तामोर का विकेट गंवाया, लेकिन रघुवंशी और मुशीर ने टीम को कोई और झटका नहीं लगने दिया। रघुवंशी को 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया।

हैदराबाद ने उत्तराखंड को दी पटखनी

ग्रुप डी के एक अन्य मैच में हैदराबाद ने कोलकाता के जादवपुर विश्वविद्यालय परिसर के दूसरे मैदान पर उत्तराखंड को चार विकेट से हराया। बाएं हाथ के मध्यम तेज गेंदबाज चामा मिलिंद को चार ओवर में 25 रन देकर चार विकेट लेने के लिए ’प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। रक्षण रेड्डी ने भी 24 रन देकर तीन विकेट लिए जिससे हैदराबाद ने उत्तराखंड को 19.2 ओवर में 146 रन पर समेट दिया। फिर हैदराबाद ने 27 गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया। कोडिमेला हिमतेजा ने 40 गेंद में 77 रन की शानदार पारी खेली। दिन के ग्रुप डी के तीसरे मैच में विदर्भ ने गुजरात को पांच विकेट से हराया जिसमें मैच को 13-13 ओवर का कर दिया गया था। विदर्भ ने पहले गेंदबाजी करते हुए गुजरात को 13 ओवर में सात विकेट पर 128 रन पर रोक दिया। इसके बाद उसने 12.5 ओवर में पांच विकेट पर 131 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article