दुनिया

जंग के बीच ईरानी सिंगर को क्यों सुनाई गई 74 कोड़ों की सजा? दो साल तक देश छोड़ने पर भी लगा प्रतिबंध

Who is Parastoo Ahmadi: ईरानी गायिका परस्तू अहमदी और उनके साथ काम करने वाले 8 लोगों को ऑनलाइन कॉन्सर्ट के लिए 74-74 कोड़ों की सजा सुनाई गई है। यह मामला दिसंबर 2024 का बताया जा रहा है।

Image

ईरानी गायिका परस्तू अहमदी (फोटो साभार: Parastoo Ahmadi/Youtube)

Who is Parastoo Ahmadi: ईरान पिछले कुछ महीनों से अमेरिका और इजरायल के साथ जंग को लेकर सुर्खियों में बना हुआ है, लेकिन आज चर्चा जंग की नहीं, बल्कि एक चर्चित गायिका को सुनाई गई अजीबोगरीब सजा को लेकर हो रही है। ईरानी गायिका परस्तू अहमदी और उनके साथ काम करने वाले 8 लोगों को ऑनलाइन कॉन्सर्ट के लिए 74-74 कोड़ों की सजा सुनाई गई है।

बताया जा रहा है कि कोम प्रांत की एक अदालत ने इन कलाकारों को 'अश्लील और अनैतिक सामग्री' और उसके ऑनलाइन प्रसार के आरोप में 74 कोड़ों की सजा, दो साल तक देश छोड़ने पर प्रतिबंध और दो साल तक किसी भी कलात्मक गतिविधि में हिस्सा लेने पर रोक लगाने का आदेश दिया गया।

क्या है पूरा मामला?

दिसंबर 2024 में 29 वर्षीय परस्तू अहमदी ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक लाइव कॉन्सर्ट के दौरान बिना हिजाब पहने लोकप्रिय देशभक्ति गीत 'अज खूने जवानाने वतन' गाया था। इस दौरान, उन्होंने स्लीवलेस ड्रेस भी पहनी हुई थी और उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

वीडियो जारी होने के कुछ समय बाद ही परस्तू अहमदी और कई संगीतकारों को हिरासत में लिया गया था। हालांकि, बाद में उन्हें रिहा कर दिया गया। इसके बाद वीडियो के प्रकाशन को लेकर उनके खिलाफ औपचारिक कानूनी मामला दर्ज किया गया।

कौन हैं परस्तू अहमदी?

परस्तू अहमदी एक ईरानी युवा गायिका, संगीतकार और कलाकार हैं, जो पारंपरिक और लोक संगीत के लिए जानी जाती हैं। दिसंबर 2024 में परस्तू अहमदी ने उस वक्त अंतरराष्ट्रीय सुर्खियों बटोरी जब उन्होंने बिना हिजाब पहने और स्लीवलेस ड्रेस में देशभक्ति गीत गाया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया। उसे लाखों लोगों ने देखा है।

इसके अतिरिक्त वह 2022 के "महिला, जीवन, आजादी" आंदोलन के समर्थन और महिलाओं की अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता से जुड़े मुद्दों पर अपनी आवाज उठाने की वजह से चर्चाओं में आई थीं।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article