दुनिया

न ईरान रुक रहा, न इजराइल-अमेरिका! 21वें दिन भी मिसाइलों के हमले से दहल रहा पश्चिमी एशिया

मध्य पूर्व में शुक्रवार सुबह हालात बेहद तनावपूर्ण हो गए, जब कई देशों ने अपने हवाई क्षेत्र में ड्रोन और मिसाइल हमलों को इंटरसेप्ट करने की पुष्टि की। ये हमले उस समय हुए जब पूरे क्षेत्र में मुसलमान ईद-उल-फितर का त्योहार मना रहे थे, जो पवित्र महीने रमजान के अंत का प्रतीक है।

Image

लेबनान पर इजराइल लगातार कर रहा है हमला (फोटो- AP)

ईरान-इजराइल,अमेरिका युद्ध आज 21वें दिन में प्रवेश कर गया है। अमेरिका जहां ईरान पर हमला कर रहा है, वहीं इजराइल ईरान और लेबनान दोनों पर बमबारी कर रहा है। पलटवार में ईरान, इजराइल पर तो मिसाइल और ड्रोन से हमले कर ही रहा है, साथ ही वो कतर, संयुक्त अरब अमीरात (UAE), कुवैत, सऊदी अरब, बहरीन, ओमान और इराक के अमेरिकी ठिकानों पर हमला बोल रहा है। कई बार ये हमले एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी किए जा रहे हैं, जिसके कारण पूरी दुनिया पर इसका असर पड़ रहा है।

शुक्रवार को किन-किन देशों पर हुए हमले

  • ईरान की राजधानी तेहरान में सरकारी मीडिया ने बताया कि “दुश्मन के लक्ष्यों” को रोकने के लिए एयर डिफेंस सिस्टम सक्रिय कर दिए गए हैं। वहीं इजराइल की सेना ने दावा किया कि उसने तेहरान में कई ठिकानों पर हमलों की एक नई लहर शुरू की है।
  • इजराइल ने यह भी कहा कि ईरान की ओर से दागी गई मिसाइलों की पहचान कर ली गई है और उन्हें रोकने के लिए उसके रक्षा सिस्टम सक्रिय हैं। इस बीच सऊदी अरब ने अपने पूर्वी हिस्सों और अल-जौफ क्षेत्र में कम से कम एक दर्जन ड्रोन मार गिराने की जानकारी दी।
  • संयुक्त अरब अमीरात ने भी कहा कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली मिसाइल और ड्रोन खतरों का जवाब दे रही है। दुबई में सुनी गई तेज आवाजों को सफल इंटरसेप्शन का परिणाम बताया गया। बहरीन में ईरानी हमले के बाद गिरे मलबे से एक गोदाम में आग लग गई।
  • कुवैत में भी सायरन बजाए गए और सेना ने बताया कि वह मिसाइल और ड्रोन हमलों को नाकाम कर रही है। यहां एक अमेरिकी सैन्य अड्डे के पास विस्फोटों की आवाज भी सुनी गई।
  • इस बीच इजराइल ने तेहरान पर बड़े पैमाने पर हवाई हमले जारी रखे, जब ईरानी लोग नवरोज मना रहे थे। लगातार बढ़ते हमलों ने न केवल क्षेत्रीय तनाव को चरम पर पहुंचा दिया है, बल्कि वैश्विक अर्थव्यवस्था पर भी इसका असर पड़ने लगा है।
  • कुवैत ने शुक्रवार को कहा कि उसकी मीना अल-अहमदी ऑयल रिफाइनरी पर एक बार फिर ईरान के ड्रोन से हमला हुआ, जिससे रिफाइनरी की कई इकाइयों में आग लग गई। इससे पहले गुरुवार को भी इस रिफाइनरी को निशाना बनाया गया था, जिससे वहां आग भड़क उठी थी। कुवैत ने बताया कि शुक्रवार को दमकलकर्मी आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं और फिलहाल इस हमले में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

ईरान के हमले के बाद इजराइल ने बदली रणनीति

इजराइल ने ईरान के प्रमुख प्राकृतिक गैस क्षेत्र पर और हमले नहीं करने का वादा किया है। यह निर्णय ऐसे समय में लिया गया है जब ईरान ने खाड़ी क्षेत्र में तेल और प्राकृतिक गैस प्रतिष्ठानों पर हमले तेज कर दिए हैं। इस बढ़ते संघर्ष का वैश्विक ऊर्जा बाजारों और अर्थव्यवस्था में व्यापक असर देखने को मिल रहा है। इन हमलों के बाद ईंधन के दामों में तेजी से वृद्धि हुई और ईरान के पड़ोसी अरब देशों के युद्ध में सीधे उतरने का खतरा बढ़ गया है। ईरान के साउथ पार्स गैस क्षेत्र पर इजराइल के हमले के जवाब में ईरान ने भी कार्रवाई की जिसके बाद इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने बृहस्पतिवार देर रात कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के अनुरोध पर इजराइल अपतटीय गैस क्षेत्र पर फिलहाल कोई हमला नहीं करेगा।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article