दुनिया

ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य में दागीं मिसाइलें, अस्थायी रूप से किया बंद, क्या अमेरिका संग छिड़ेगी जंग?

ईरान सरकार ने घोषणा की कि 'रेवोल्यूशनरी गार्ड' ने सोमवार तड़के होर्मुज जलडमरूमध्य, फारस की खाड़ी और ओमान की खाड़ी में अभ्यास शुरू किया, जो महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय व्यापार मार्ग हैं, जिनके रास्ते दुनिया के 20 फीसदी तेल का परिवहन होता है।

Image

होरमुज स्ट्रेट में ईरान ने दागीं मिसाइलें

Photo : AP

Iran temporarily closing Strait of Hormuz: ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य की ओर मिसाइलें दागने का अभ्यास शुरू कर दिया है। देश की कई अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसियों की खबर में यह जानकारी दी गई है। अर्धसैनिक बल रेवोल्यूशनरी गार्ड की करीबी मानी जाने वाली 'तसनीम' अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी ने अपनी खबर में कहा कि ईरानी भूमि, तटों और द्वीपों से दागी गई मिसाइलों ने होर्मुज जलडमरूमध्य में अपने लक्ष्यों को सटीक रूप से निशाना बनाया।

ईरान सरकार ने घोषणा की कि 'रेवोल्यूशनरी गार्ड' ने सोमवार तड़के होर्मुज जलडमरूमध्य, फारस की खाड़ी और ओमान की खाड़ी में अभ्यास शुरू किया, जो महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय व्यापार मार्ग हैं, जिनके रास्ते दुनिया के 20 फीसदी तेल का परिवहन होता है। यह अभ्यास ऐसे समय में किया जा रहा है, जब ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर वाशिंगटन और तेहरान के बीच दूसरे दौर की वार्ता शुरू होने वाली है।

होर्मुज जलडमरूमध्य अस्थायी रूप से बंद किया

अमेरिका और ईरान मंगलवार को जिनेवा में ईरानी परमाणु कार्यक्रम पर दूसरे दौर की वार्ता कर रहे हैं। यह घटनाक्रम ऐसे समय हो रहा है जब अमेरिका पश्चिम एशिया में अपनी सैन्य उपस्थिति बढ़ा रहा है और ईरान बड़े पैमाने पर समुद्री अभ्यास कर रहा है। इस बीच, ईरान ने कहा कि वह अपने सैन्य अभ्यास की वजह से कई घंटों के लिए होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद कर रहा है। दोनों देशों के बीच परमाणु वार्ता की शुरुआत के साथ ही ईरानी मीडिया ने घोषणा की कि ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य की ओर मिसाइलें दागी हैं। इसने यह भी कहा कि ईरान सुरक्षा और समुद्री चिंताओं के कारण जलडमरूमध्य को कई घंटों के लिए बंद कर रहा है।

अमेरिका द्वारा ईरान को सैन्य कार्रवाई की धमकी दिए जाने के बाद से यह पहली बार है कि ईरान ने जलडमरूमध्य के हिस्सों को बंद किया है, जो एक महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय जलमार्ग है। ईरान ने सोमवार को उन जलमार्गों में समुद्री सैन्य अभ्यास की घोषणा की जो महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय व्यापार मार्ग हैं और जिनके माध्यम से दुनिया के 20 प्रतिशत तेल का परिवहन होता है। तेहरान ने पूर्व में होर्मुज जलडमरूमध्य में गोलीबारी का अभ्यास किया था, लेकिन उसने इस महत्वपूर्ण मार्ग को बंद करने की घोषणा नहीं की थी।

परमाणु वार्ता में ओमान मध्यस्थ

दोनों देशों के बीच परमाणु वार्ता में ओमानी मध्यस्थ महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। ईरान के सरकारी टीवी ने मंगलवार को बताया कि अमेरिका के साथ बातचीत अप्रत्यक्ष होगी और इसमें केवल ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा, न कि घरेलू नीतियों पर, जिसमें पिछले महीने प्रदर्शनकारियों पर की गई उसकी कठोर कार्रवाई भी शामिल है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ईरान को परमाणु कार्यक्रम पर लगाम लगाने के लिए मजबूर करने के वास्ते बार-बार बल प्रयोग करने की धमकी देते रहे हैं। वहीं, ईरान ने कहा है कि ऐसा होने पर वह जवाबी हमला करेगा।

ट्रंप ने हाल में हुए देशव्यापी विरोध प्रदर्शनों पर ईरान की घातक कार्रवाई को लेकर भी उसे धमकी दी है। अरब प्रायद्वीप के पूर्वी छोर पर स्थित ओमान सल्तनत में छह फरवरी को वार्ता का पहला दौर अप्रत्यक्ष रूप से हुआ था। ईरानी अधिकारियों के चले जाने के बाद ही अमेरिकी झंडा लगी एसयूवी गाड़ियों ने महल के प्रवेश द्वार में प्रवेश किया। मंगलवार को हो रही वार्ता के लिए व्यवस्थाओं के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं है। हंगरी की यात्रा कर रहे अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने सोमवार को कहा कि अमेरिका को उम्मीद है कि मुश्किलों के बावजूद ईरान के साथ समझौता हो जाएगा।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article