दुनिया

होर्मुज पर शह-मात का खेल जारी; ईरान ने मारा यू टर्न, फिर बंद कर दिया रास्ता! अब क्या करेंगे ट्रंप?

Hormuz Crisis Deepen: अमेरिका और ईरान के बीच शनिवार को एक बार फिर से विवाद गर्माता नजर आया। अमेरिकी नाकेबंदी के बाद तेहरान ने होर्मुज पर फिर से प्रतिबंध लगा दिए हैं।

Image

होर्मुज पर फिर गहराया विवाद (फोटो साभार: AI)

Hormuz Crisis Deepen: अमेरिका और ईरान के बीच होर्मुज स्ट्रेट को लेकर शह-मात का खेल जारी है। ईरान ने होर्मुज को फिर से खोलने संबंधी फैसले को लेकर यू-टर्न मारते हुए अमेरिका को सख्त चेतावनी दी है। तेहरान ने शनिवार को इस अहम समुद्री जलमार्ग पर दोबारा प्रतिबंध लगाए हैं।

तेहरान ने US को दी सख्त चेतावनी

देश की संयुक्त सैन्य कमान ने शनिवार को कहा कि होर्मुज स्ट्रेट पर नियंत्रण पहले की स्थिति में लौट आया है... और अब यह सशस्त्र बलों के कड़े प्रबंधन और नियंत्रण में है। उसने चेतावनी दी कि जब तक ईरानी बंदरगाहों पर अमेरिकी नाकेबंदी जारी रहेगी, तब तक होर्मुज से आवागमन भी बाधित रखा जाएगा।

यह घोषणा सुबह की गई, जब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि अमेरिकी नाकेबंदी तब तक पूरी तरह प्रभावी बनी रहेगी, जब तक तेहरान अमेरिका के साथ समझौते पर नहीं पहुंचता, जिसमें उसके परमाणु कार्यक्रम का मुद्दा भी शामिल है।

ईरान ने की थी होर्मुज खोलने की घोषणा

इससे पहले, शुक्रवार को इस अहम समुद्री मार्ग को खोलने की ईरान की घोषणा ऐसे समय आई, जब इजरायल और ईरान समर्थित लेबनान के चरमपंथी संगठन हिजबुल्लाह के बीच 10 दिनों का युद्धविराम कायम नजर आया। दुनिया के लगभग 20 फीसदी तेल की आपूर्ति इसी जलमार्ग से होती है। हालांकि, ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बगेर गालिबफ ने पहले ही चेताया था कि अगर अमेरिकी नाकेबंदी जारी रही तो होर्मुज स्ट्रेट खुला नहीं रहेगा और फिलहाल स्थिति पूरी तरह से बदली हुई नजर आ रही है।

सनद रहे कि अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने 'एक्स' पर बताया था कि सोमवार से शुरू हुई नाकेबंदी के बाद से अमेरिकी बल 21 जहाजों को वापस ईरान भेज चुके हैं। ट्रंप ने ईरान पर नाकेबंदी अपने उस प्रयास के तहत लगाई थी, जिसका उद्देश्य तेहरान पर दबाव बनाकर होर्मुज खुलवाना और पाकिस्तान की मध्यस्थता से हुए युद्धविराम को स्वीकार कराना था।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article