शहर

दिल्ली के पूर्व मुख्य सचिव राकेश मेहता ने की खुदकुशी, नोएडा के फ्लैट में फंदे से लटका मिला शव

दिल्ली के पूर्व मुख्य सचिव राकेश मेहता द्वारा खुदकुशी करने की खबर सामने आई है। राकेश मेहता दिल्ली की पूर्व सीएम शीला दीक्षित के कार्यकाल में मुख्य सचिव की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।

Image

दिल्ली के पूर्व मुख्य सचिव ने की आत्महत्या।

दिल्ली के पूर्व मुख्य सचिव और 1975 बैच के सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी राकेश मेहता ने नोएडा स्थित अपने फ्लैट में कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वह करीब 75 वर्ष के थे। घटना थाना फेस-2 क्षेत्र की सेक्टर-82 स्थित केंद्रीय विहार-2 सोसायटी की है।

नोएडा पुलिस के मीडिया सेल के अनुसार, 6 सितंबर को डायल-112 के माध्यम से थाना फेस-2 पुलिस को सूचना मिली कि केंद्रीय विहार-2 में रहने वाले राकेश मेहता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के मुताबिक, फ्लैट का दरवाजा अंदर से बंद था। इसके बाद पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। सूचना मिलने पर फॉरेंसिक और फील्ड यूनिट की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट मिलने की भी जानकारी है, जिसमें मानसिक तनाव और विभिन्न शारीरिक बीमारियों का जिक्र होने की बात सामने आई है। घटना के समय उनकी पत्नी सुमंती मेहता अपने बेटे से मिलने देहरादून गई हुई थीं। पति के लगातार फोन नहीं उठाने पर उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। नोएडा पुलिस के मीडिया सेल ने बताया, मृतक के शव का पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्यवाही पूर्ण कर शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।

1975 बैच के आईएएस अधिकारी थे राकेश मेहता

राकेश मेहता 1975 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारी थे। प्रशासनिक सेवा के दौरान उन्होंने दिल्ली सरकार में कई अहम जिम्मेदारियां संभालीं। वर्ष 2007 में उन्हें दिल्ली का मुख्य सचिव नियुक्त किया गया था। मेहता नवंबर 2010 में सरकारी सेवा से सेवानिवृत्त हुए। मुख्य सचिव के तौर पर उनका कार्यकाल तीन साल से अधिक रहा। उनके कार्यकाल में दिल्ली में कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक और विकास से जुड़े फैसले लिए गए।

राष्ट्रमंडल खेलों के दौरान संभाली दिल्ली की कमान

2010 में दिल्ली में आयोजित राष्ट्रमंडल खेलों के समय राकेश मेहता मुख्य सचिव के पद पर थे। उस दौरान राजधानी में बड़े पैमाने पर निर्माण और आधारभूत ढांचे से जुड़े काम चल रहे थे।

नोएडा पुलिस ने शुरू की जांच

राकेश मेहता का शव उनके सेक्टर-82 स्थित आवास में मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सुसाइड नोट को जांच का हिस्सा बनाया है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उनकी मौत के पीछे परिस्थितियां क्या थीं और क्या किसी अन्य पहलू की भी भूमिका रही है। फिलहाल उपलब्ध शुरुआती जानकारी के आधार पर पुलिस इसे आत्महत्या मानकर जांच आगे बढ़ा रही है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article