ईरान ने मोजतबा खामेनेई की संपत्ति के बारे में आई रिपोर्ट को खारिज किया; कहा कि उनके पास देश के अंदर या बाहर कोई संपत्ति नहीं है। भारत में ईरानी दूतावास ने मीडिया आउटलेट्स के उन दावों को खारिज कर दिया है जिनमें कहा गया था कि ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई के पास लंदन में इजरायली दूतावास के सामने दो अपार्टमेंट हैं। दूतावास ने कहा कि ये दावे 'पूरी तरह से बेबुनियाद हैं और इनमें कोई विश्वसनीय या ठोस सबूत नहीं है।'
भारत में ईरानी दूतावास ने कहा, 'आयातुल्ला सैयद मोजतबा खामेनेई के पास, अपने सम्मानित पिता की तरह ही, न तो ईरान के बाहर और न ही देश के अंदर कोई संपत्ति है। ईरानी लोग उनके सादे और दिखावे से दूर जीवनशैली के बारे में अच्छी तरह जानते हैं।'
'ऐसे बेबुनियाद दावे 'उनके जीवन और चरित्र की गलत छवि' बनाने के मकसद से'
ईरानी दूतावास ने आगे कहा कि ऐसे बेबुनियाद दावे 'उनके जीवन और चरित्र की गलत छवि' बनाने के मकसद से किए जाते हैं, जिसकी ईरानी लोगों की नजर में कोई विश्वसनीयता नहीं है। दूतावास ने कहा, 'आज भी, ईरानी लोग उनके सादे जीवन और उनके प्रति अपने प्यार और लगाव के कारण, लगातार 190 रातों से उनके समर्थन में सड़कों पर उतर रहे हैं।'
TIMES NOW Navbharat पर यह भी पढ़ें: 'मोजतबा खामेनेई की मौत नहीं हुई, बेहद गंभीर रूप से घायल हैं', ईरानी सुप्रीम लीडर पर ट्रंप का दावा
सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई से जुड़े दो अपार्टमेंट पर विवाद
'द संडे टाइम्स' ने इस हफ्ते की शुरुआत में रिपोर्ट दी थी कि ईरान के नए नियुक्त सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई से जुड़े दो अपार्टमेंट, जो लंदन में इजरायली दूतावास के पास स्थित हैं, बिक्री के लिए बाजार में लाए गए हैं। बताया जाता है कि ये फ्लैट केंसिंग्टन में पैलेस ग्रीन पर बनी एक इमारत में हैं, जो उसी सड़क पर है जहां दूतावास स्थित है। ब्रिटिश मीडिया ने इस साल की शुरुआत में यह भी रिपोर्ट दी थी कि इमारत की छठी और सातवीं मंजिल पर मौजूद ये दो अपार्टमेंट 2014 और 2016 में बिचौलियों के जरिए खरीदे गए थे। एक जांच का हवाला देते हुए उन रिपोर्टों में कहा गया था कि इन संपत्तियों का खामेनेई से संबंध हाल ही में पता चला है।
