Shukra Swati Nakshatra Gochar 2026 : 11 सितंबर 2026 की रात 11 बजकर 19 मिनट पर शुक्र स्वाति नक्षत्र में प्रवेश करने जा रहे हैं। खास बात यह है कि शुक्र इस समय तुला राशि में अपनी ही राशि में मौजूद हैं। ऐसे में नक्षत्र परिवर्तन सामान्य से ज्यादा महत्वपूर्ण हो जाता है। स्वाति नक्षत्र के स्वामी राहु हैं। पंचांग गणना के अनुसार शुक्र 11 सितंबर की रात स्वाति के पहले चरण में प्रवेश करेंगे और इसके बाद क्रमशः दूसरे और तीसरे चरण से गुजरेंगे।
ज्योतिष की दृष्टि से इस गोचर को केवल प्रेम या सुख-सुविधाओं से जोड़कर देखना सही नहीं होगा। शुक्र अपनी मूल प्रकृति में धन, भौतिक सुख, कला, सौंदर्य, रिश्ते, वाहन, लग्जरी और व्यापार से जुड़े परिणाम देते हैं। जब यही शुक्र तुला राशि में होते हैं तो इन विषयों पर उनका प्रभाव मजबूत माना जाता है।
दूसरी तरफ स्वाति नक्षत्र का स्वामी राहु है। राहु शुक्र से जुड़े मामलों में आधुनिकता, डिजिटल प्लेटफॉर्म, विदेशी कनेक्शन, नई मार्केट, अचानक बनने वाले संपर्क और पारंपरिक रास्ते से हटकर सफलता के संकेत जोड़ देता है। यानी इस गोचर का सबसे बड़ा फायदा उन लोगों को मिल सकता है जो नेटवर्किंग, बिजनेस, ऑनलाइन प्लेटफॉर्म, विदेशी कंपनियों, मार्केटिंग, मीडिया, फैशन, डिजाइन, कंसल्टिंग या किसी स्वतंत्र प्रोफेशन से जुड़े हैं। आइए जानते हैं कि किन राशि वालों को इस गोचर से लाभ होगा।
मिथुन राशि
मिथुन राशि से तुला पांचवां भाव है। पंचम भाव को बुद्धि, शिक्षा, प्रेम, क्रिएटिविटी, संतान, प्रतिभा और रणनीति का भाव माना जाता है। ऐसे में शुक्र का अपनी राशि में जाकर पांचवें भाव को सक्रिय करना काफी महत्वपूर्ण स्थिति बनाता है। स्टूडेंट्स के लिए यह समय अच्छा है। खासकर डिजाइन, मीडिया, कंटेंट, फैशन, कम्युनिकेशन, एंटरटेनमेंट और क्रिएटिव फील्ड से जुड़े विद्यार्थियों को फायदा मिल सकता है। पढ़ाई के साथ कोई नई स्किल सीखने का मौका भी मिलेगा।
लव लाइफ में भी यह गोचर असर दिखाएगा। जिन लोगों का रिश्ता पहले से चल रहा है, उनके बीच मुलाकात और बातचीत बढ़ सकती है। अविवाहित लोगों को सोशल सर्कल या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए कोई नया कनेक्शन मिल सकता है। बिजनेस में भी मार्केटिंग और ब्रांडिंग से फायदा होगा। अगर आप अपने काम को डिजिटल तरीके से आगे बढ़ाना चाहते हैं तो यह समय उसके लिए अनुकूल है।
कन्या राशि
कन्या राशि से तुला दूसरा भाव है। दूसरा भाव धन, बचत, परिवार और वाणी का होता है। यहां शुक्र का अपनी ही राशि में प्रभाव आर्थिक रूप से काफी दिलचस्प परिणाम देता है। जिन लोगों को पिछले समय से पैसे की रुकावट महसूस हो रही थी, उनके लिए राहत के संकेत हैं। आय के साथ सेविंग पर भी ध्यान जाएगा। किसी पुराने पेमेंट के आने की संभावना बन सकती है। कारोबार में ग्राहक बढ़ सकते हैं और आपकी बातचीत कमाई का माध्यम बन सकती है।
खासकर सेल्स, मार्केटिंग, फैशन, ब्यूटी, फूड, मीडिया और कंसल्टिंग से जुड़े लोगों को फायदा मिलने की संभावना है। राहु के नक्षत्र के कारण कोई ऑनलाइन माध्यम या विदेशी संपर्क कमाई का नया रास्ता खोल सकता है। यहां सबसे महत्वपूर्ण बात आपकी कम्युनिकेशन स्किल रहेगी।
तुला राशि
इस गोचर की सबसे ताकतवर राशियों में तुला शामिल है। तुला से तुला पहला भाव है और इसी राशि के स्वामी शुक्र हैं। यानी शुक्र का राशि स्वामी होकर अपनी ही राशि में और अपने ही क्षेत्र में मजबूत रहना व्यक्तित्व को सीधा प्रभावित करेगा। आपकी पर्सनैलिटी, आकर्षण और लोगों पर प्रभाव बढ़ सकता है। जिन लोगों का काम पब्लिक डीलिंग, मीडिया, फैशन, डिजाइन, मार्केटिंग, बिजनेस या कंसल्टिंग से जुड़ा है, उन्हें विशेष फायदा मिल सकता है।
नौकरी में आपका काम ज्यादा नोटिस किया जा सकता है। बिजनेस करने वालों के लिए नया ब्रांड, नई डील, नया ग्राहक या नया सहयोग सामने आ सकता है। रिश्तों के लिए भी समय अच्छा है। विवाह योग्य लोगों के लिए नया रिश्ता सामने आने की संभावना बन सकती है। शादीशुदा लोगों के बीच आकर्षण और आपसी समझ बेहतर हो सकती है।हालांकि स्वाति पर राहु का प्रभाव होने से स्वतंत्रता की जरूरत भी बढ़ेगी। रिश्ते में अनावश्यक कंट्रोल करने से बचना बेहतर रहेगा।
धनु राशि
धनु राशि के लिए तुला ग्यारहवां भाव है। ग्यारहवां भाव आय, लाभ, नेटवर्क, बड़े संपर्क और इच्छापूर्ति का मुख्य भाव माना जाता है। यही कारण है कि धनु राशि इस गोचर की सबसे मजबूत राशियों में शामिल हो जाती है।नौकरी में सैलरी बढ़ने, इंसेंटिव, नई जिम्मेदारी के साथ आर्थिक लाभ या जॉब ऑफर के संकेत मिल सकते हैं। बिजनेस में पुराने संपर्क से काम मिलने की संभावना है।सोशल नेटवर्किंग इस समय आपके लिए बहुत महत्वपूर्ण रहने वाली है।
आप जितने ज्यादा लोगों से जुड़ेंगे, उतने ज्यादा अवसर सामने आ सकते हैं।राहु का स्वाति पर स्वामित्व विदेशी और डिजिटल कनेक्शन को मजबूत कर सकता है। विदेश से ग्राहक, ऑनलाइन बिजनेस, इंटरनेशनल प्रोजेक्ट या सोशल मीडिया से कमाई का रास्ता खुल सकता है।यह गोचर खास तौर पर उन लोगों के लिए अच्छा है जो पहले से कमाई का दूसरा स्रोत बनाने की कोशिश कर रहे हैं।
मकर राशि
मकर राशि वालों के लिए यह गोचर बेहद महत्वपूर्ण है क्योंकि तुला दसवां भाव है। दसवां भाव नौकरी, बिजनेस, पद, प्रतिष्ठा और प्रोफेशनल पहचान का मुख्य भाव है।ऐसे में अपनी ही राशि में स्थित शुक्र का दसवें भाव में गोचर करियर में मजबूत बदलाव का संकेत देता है। जॉब चेंज करने वाले लोगों को बेहतर ऑफर मिल सकता है। प्रमोशन की कोशिश कर रहे लोगों की बात आगे बढ़ सकती है।बिजनेस में नया प्रोजेक्ट, नया ब्रांड, नई डील या किसी बड़ी कंपनी के साथ जुड़ाव संभव है।
जो लोग अपने काम का विस्तार करना चाहते हैं, उनके लिए यह समय उपयोगी रहेगा।मकर राशि के लिए शुक्र पंचम और दशम भाव के स्वामी होते हैं। इसलिए यह स्थिति सिर्फ सामान्य शुभ गोचर नहीं है। योगकारक शुक्र का कर्म भाव में मजबूत होना करियर के लिहाज से इसे और प्रभावी बनाता है।राहु का स्वाति प्रभाव यहां डिजिटल बिजनेस, विदेशी कंपनियों, नए टेक्नोलॉजी प्लेटफॉर्म और आधुनिक मार्केटिंग से फायदा दे सकता है।
कुंभ राशि
कुंभ राशि से तुला नवम भाव है। नवम भाव भाग्य, धर्म, उच्च शिक्षा, लंबी यात्रा और बड़े अवसरों का भाव है। यहां शुक्र का मजबूत होकर बैठना भाग्य को एक्टिव करने वाला हो सकता है। अगर लंबे समय से किसी यात्रा, उच्च शिक्षा या विदेश से जुड़े काम की योजना अटकी हुई है तो उसमें आगे बढ़ने का मौका मिल सकता है।
करियर में किसी वरिष्ठ व्यक्ति या प्रभावशाली संपर्क की मदद मिल सकती है। बिजनेस वालों के लिए भी दूसरे शहर या विदेश के लोगों से जुड़ना फायदेमंद रहेगा। राहु का स्वाति प्रभाव इस राशि के लिए खास तौर पर विदेशी कनेक्शन को मजबूत करता है। ऑनलाइन एजुकेशन, इंटरनेशनल क्लाइंट, विदेश में काम या डिजिटल सर्विस से जुड़े लोगों को विशेष फायदा मिल सकता है।
डिसक्लेमर: यहां दी गई जानकारी ज्योतिष शास्त्र पर आधारित है तथा केवल सूचना के लिए दी जा रही है। Times Now Navbharat इसकी पुष्टि नहीं करता है।
