दुनिया

अली खामेनेई का 9 जुलाई को अंतिम संस्कार, ईरान ने खरगे, नितिन नवीन सहित इन नेताओं को दिया न्योता

ईरान ने सत्तारूढ़ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद सहित कई नेताओं को सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के राजकीय अंतिम संस्कार में शामिल होने का न्योता दिया है।

Image

अमेरिकी हमलों में मारे गए ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई (फाइल फोटो)

Photo : AP

Ali Khamenei Funeral: ईरान ने सत्तारूढ़ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद सहित कई नेताओं को सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के राजकीय अंतिम संस्कार में शामिल होने का न्योता दिया है।

सूत्रों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, ईरान ने भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन को सुप्रीम लीडर खामेनेई के अंतिम संस्कार में शामिल होने का न्योता दिया है। नितिन नवीन के अलावा, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद, राज्यसभा सांसद पवन खेड़ा, जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती को भी आमंत्रित किया गया है।

सलमान खुर्शीद को भेज सकती है कांग्रेस

सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस अपने विदेश विभाग के प्रमुख सलमान खुर्शीद को भेज सकती है। सूत्रों ने बताया, ''ईरान की सरकार की तरफ से कांग्रेस अध्यक्ष को आमंत्रित किया गया है। इस कार्यक्रम के लिए कांग्रेस की तरफ से किसी नेता को भेजा जाएगा। संभवत: खुर्शीद को भेजा जाए।'' पवन खेड़ा का कहना था कि उन्हें निमंत्रण मिला है, लेकिन कांग्रेस अध्यक्ष इस बारे में फैसला करेंगे कि वहां पार्टी की तरफ से कौन जाएगा। खेड़ा कांग्रेस के उन नेताओं में शामिल थे, जिन्होंने यहां ईरानी दूतावास पहुंचकर खामेनेई के निधन पर संवेदना प्रकट की थी।

ईरानी राष्ट्रपति ने PM मोदी को लगाया फोन

इससे पहले, ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फोन लगाकर सर्वोच्च नेता खामेनेई के राजकीय अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए व्यक्तिगत तौर पर न्योता दिया था।

कब होगा अंतिम संस्कार

अली खामेनेई के अंतिम संस्कार से जुड़े कार्यक्रम 5 से 9 जुलाई के बीच आयोजित किए जाएंगे। उनकी इस साल फरवरी में इजरायल और अमेरिकी हमलों में मौत हो गई थी। बताया जा रहा है कि अली खामेनेई के अंतिम संस्कार में दुनियाभर के कई बड़े नेता शामिल हो सकते हैं। ईरान की सरकारी मीडिया आईआरएनए के मुताबिक, अली खामेनेई के अंतिम संस्कार में 1.2 करोड़ से दो करोड़ लोगों के शामिल होने की संभावना है। ऐसे में तेहरान में खास इंतेजाम किए गए हैं।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article