India Pakistan Prisoners List: भारत और पाकिस्तान ने राजनयिक माध्यमों से एक-दूसरे को हिरासत में रखे गए नागरिक कैदियों और मछुआरों की लिस्ट अदला-बदली की।
भारत और पाकिस्तान द्विपक्षीय कांसुलर एक्सेस समझौता 2008 के प्रावधानों के तहत हिरासत में रखे गए नागरिक कैदियों और मछुआरों की लिस्ट आपस में बदली। इस समझौते के तहत, दोनों देश हर साल एक जनवरी और एक जुलाई को अपनी-अपनी हिरासत में मौजूद कैदियों और मछुआरों की सूची साझा करते हैं।
कितने पाकिस्तान कैदी हैं हिरासत में?
भारत ने पाकिस्तान को अपनी हिरासत में बंद 386 पाकिस्तानी या पाकिस्तानी माने जाने वाले नागिरक कैदियों और 53 पाकिस्तानी मछुआरों की लिस्ट सौंपी, जबकि पाकिस्तान ने भारत को अपनी हिरासत में रखे गए 52 भारतीय या भारतीय माने जाने वाले नागरिक कैदियों और 198 भारतीय मछुआरों की लिस्ट दी।
जल्द से हो रिहाई
भारत सरकार ने एक बार फिर पाकिस्तान से लापता भारतीय रक्षा कर्मियों, नागरिक कैदियों, मछुआरों और उनकी नौकाओं को जल्द से जल्द रिहा करने और स्वदेश वापसी सुनिश्चित करने की मांग की। सरकार ने पाकिस्तान से 188 भारतीय मछुआरों और नागरिक कैदियों की रिहाई और वापसी में तेजी लाने का अनुरोध किया, जिन्होंने अपनी सजा पूरी कर ली है।
भारत ने PAK से की यह मांग
विदेश मंत्रालय ने बुधवार को बयान जारी कर इसकी जानकारी दी। साथ ही बताया कि पाकिस्तान से कहा गया है कि वह अपनी हिरासत में बंद 13 नागरिक कैदियों को तत्काल कांसुलर एक्सेस दे, जिनके बारे में माना जाता है कि वह भारतीय हैं और जिन्हें अबतक कांसुलर एक्सेस नहीं दिया गया है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 'पूरे हिंदू समाज को लगी गहरी चोट', राम मंदिर चंदा चोरी पर VHP के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष बोले- किसी को भी न बचाया जाए
भारत सरकार ने पाकिस्तान से यह भी कहा है कि रिहाई और भारत वापसी तक सभी भारतीय तथा भारतीय माने जाने वाले कैदियों की सुरक्षा और कल्याण सुनिश्चित किया जाए।
अब तक कितने कैदियों की हुई वतन वापसी
बकौल विदेश मंत्रालय, भारत सरकार के लगातार प्रयासों का परिणाम है कि 2014 से अब तक 2,661 भारतीय मछुआरों और 78 भारतीय नागरिक कैदियों की स्वदेश वापसी हो चुकी है। इनमें 500 भारतीय मछुआरे और 20 भारतीय नागरिक कैद भी शामिल हैं, जिन्हें 2023 से अब तक पाकिस्तान से वापस लाया गया है।
