New York Indian Man Death: अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में 27 वर्षीय भारतीय नागरिक गुरदीप सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शुक्रवार रात ईस्ट न्यूयॉर्क इलाके में स्टेनली एवेन्यू के पास किसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद एक अज्ञात व्यक्ति ने उन पर गोली चला दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस के घटनास्थल पर पहुंचने पर गुरदीप सिंह गंभीर हालत में मिले।
दो लोगों के बीच हाथापाई का
बताया गया है कि गुरदीप सिंह के सीने में गोली लगी थी। मेडिकल टीम ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सीबीएस न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें सड़क पर दो लोगों के बीच हाथापाई होती दिखाई दे रही है। इसके बाद रोशनी की चमक नजर आती है, जिसे गोली चलने से जोड़कर देखा जा रहा है। फुटेज में एक व्यक्ति सड़क पर गिरता हुआ दिखता है, जबकि दूसरा कार में बैठकर वहां से निकल जाता है।
आरोपी की पहचान का पता लगाने में जुटी पुलिस
पुलिस ने घटना के बाद इलाके में शनिवार सुबह तक तलाशी अभियान चलाकर सबूत जुटाने की कोशिश की। फिलहाल मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है और पुलिस हत्या के कारण तथा आरोपी की पहचान का पता लगाने में जुटी है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी डर का माहौल है। अपराध स्थल के पास काम करने वाले एंथनी सैंटोस ने इसे बेहद चौंकाने वाली और डर पैदा करने वाली घटना बताया।
NAPA ने जताया गुरदीप सिंह की मौत पर शोक
अमेरिका स्थित नॉर्थ अमेरिकन पंजाबी एसोसिएशन (NAPA) ने गुरदीप सिंह की हत्या पर गहरा दुख और चिंता जताई है। संगठन के मुताबिक, सिंह एक दशक से भी अधिक समय पहले अमेरिका आए थे। NAPA के कार्यकारी निदेशक सतनाम सिंह चहल ने कहा कि इस घटना को महज एक सामान्य या अलग-थलग वारदात मानकर नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। चहल ने कहा कि किसी युवा पंजाबी या सिख की हत्या का असर सिर्फ एक व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इससे पूरा परिवार बिखर जाता है। उन्होंने दोहराई जा रही हिंसा को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि समुदाय को ऐसी घटनाओं को सामान्य मानकर स्वीकार नहीं करना चाहिए। NAPA ने जांच एजेंसियों से हत्या के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने की अपील की है और जांच पूरी होने से पहले किसी भी संभावित कारण को लेकर निष्कर्ष निकालने से बचने की सलाह दी है।
