दुनिया

कनाडा के PM की मीडिया को दो टूक, सबके सामने भारत की तारीफ कर दिया बता, क्यों भेजा G7 के लिए पीएम मोदी को निमंत्रण

प्रधानमंत्री मोदी ने शुक्रवार को फोन पर बातचीत के दौरान जी-7 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए कार्नी के निमंत्रण को स्वीकार कर लिया। कनाडा जी-7 के वर्तमान अध्यक्ष के रूप में 15 से 17 जून तक अल्बर्टा प्रांत में इस समूह के सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है।

Image

कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी

Photo : AP

भारत को दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था तथा कई महत्वपूर्ण वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं का केंद्र बताते हुए कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने कहा है कि इसके (भारतीय) नेतृत्व को आगामी जी-7 शिखर सम्मेलन में चर्चा का हिस्सा होना चाहिए। कार्नी की यह टिप्पणी कनाडा में उनके कुछ राजनीतिक विरोधियों द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जी-7 शिखर सम्मेलन में निमंत्रित करने को लेकर उनकी आलोचना किये जाने के बाद आई है।

वर्ष 2023 में एक खालिस्तानी अलगाववादी की हत्या में भारतीय संबंधों के आरोपों की जांच चल रही है और ऐसे में मोदी को निमंत्रित करने पर कार्नी की उनके विरोधियों ने आलोचना की है। 2023 में तत्कालीन प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो द्वारा निज्जर की हत्या में संभावित भारतीय संबंध के आरोप लगाने के बाद भारत-कनाडा संबंधों में भारी गिरावट आई थी।

खालिस्तानी मुद्दे से बनाई दूरी

खालिस्तान समर्थक अलगाववादी हरदीप सिंह निज्जर की 2023 में हुई हत्या के मामले में विशिष्ट प्रश्न पूछे जाने पर कार्नी ने संवाददाताओं से कहा कि इस मामले में कानूनी प्रक्रिया जारी है, इसलिए इस पर टिप्पणी करना उनके लिए उचित नहीं है। कनाडाई प्रधानमंत्री ने कहा कि जी-7 शिखर सम्मेलन में ऊर्जा सुरक्षा, डिजिटल भविष्य, महत्वपूर्ण खनिजों और उभरते एवं विकासशील देशों में बुनियादी ढांचे के निर्माण में साझेदारी समेत कई प्रमुख मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

भारत की तारीफ

कार्नी ने कहा कि उन्होंने जी7 के अन्य सदस्य देशों से बात करने के बाद मोदी को निमंत्रण दिया है। जब उनसे पूछा गया कि निज्जर की हत्या के मामले में भारतीय संबंधों का आरोप लगने के बाद भी प्रधानमंत्री मोदी को क्यों आमंत्रित किया गया, तो उन्होंने कहा, ‘‘कुछ ऐसे देश हैं जिन्हें इन चर्चाओं में शामिल होना चाहिए। भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है, प्रभावी रूप से दुनिया का सबसे अधिक आबादी वाला देश है। (यह) आपूर्ति श्रृंखलाओं में से कई के केंद्र में है। (यह) इन आपूर्ति श्रृंखलाओं में से कई के मूल में है, इसलिए उन्हें निमंत्रण देना अर्थपूर्ण है।’’

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article