G7 Summit 2025: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी7 में शामिल होने के लिए कनाडा का दौरा करेंगे। पीएम मोदी ने खुद ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है। पीएम मोदी को खुद कनाडा के पीएम मार्क कार्नी का फोन आया था। इस कॉल के दौरान कनाडा के पीएम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जी7 का न्योता दिया।
पीएम मोदी जाएंगे कनाडा
पीएम मोदी ने इस बातचीत की जानकारी देते हुए ट्वीट कर कहा- "कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी से फोन पर बात करके खुशी हुई। हाल ही में हुए चुनाव में उनकी जीत पर उन्हें बधाई दी और इस महीने के अंत में कनानसकीस में होने वाले जी-7 शिखर सम्मेलन में आमंत्रित करने के लिए उन्हें धन्यवाद दिया। लोगों के बीच गहरे संबंधों से बंधे जीवंत लोकतंत्रों के रूप में, भारत और कनाडा आपसी सम्मान और साझा हितों के आधार पर नए जोश के साथ मिलकर काम करेंगे। शिखर सम्मेलन में हमारी मुलाकात का बेसब्री से इंतजार है।"
कनाडा के साथ रिश्तों में खटास
कार्नी के पूर्ववर्ती जस्टिन ट्रूडो की सरकार के दौरान भारत और कनाडा के बीच कई मुद्दों को लेकर संबंधों में खटास आ गई थी, जिनमें देश में खालिस्तानी अलगाववादियों की गतिविधियां भी शामिल थीं। ट्रूडो ने खालिस्तानी कट्टरपंथी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या में भारत की संभावित संलिप्तता का आरोप लगाया था। मोदी और कार्नी के बीच अपेक्षित बैठक से दोनों देशों के बीच संबंधों में सुधार की उम्मीद जगी है। ट्रूडो के इस्तीफे के बाद कार्नी कनाडा में सत्तारूढ़ लिबरल पार्टी के नये नेता हैं। कार्नी को इस साल मार्च में हुए चुनाव में प्रधानमंत्री चुना गया था।
क्या है जी7
जी-7 सबसे अमीर सात देशों का एक समूह है और भारत को 2019 से ही इस प्रतिष्ठित शिखर सम्मेलन में भाग लेने का निमंत्रण मिल रहा है। जी7 समूह में कनाडा के अलावा अमेरिका, ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी, इटली और जापान शामिल हैं।
