दुनिया

एक ओर ईरान-अमेरिका में नहीं बनी बात, दूसरी ओर भारत-यूएई ने कर ली मीटिंग,पश्चिम एशिया में आखिर चल क्या रहा है?

भारत ने भी खाड़ी देशों संग अपनी कूटनीति तेज कर दी है। भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल ने आज संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से मुलाकात की है।

Image

एनएसए अजीत डोभाल और यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान

पश्चिम एशिया के हालात इस समय बेहद उलझे हुए हैं। पाकिस्तान की लाख कोशिशों के बाद भी ईरान अमेरिका से बात करने को तैयार नहीं है। उसने साफ कर दिया है कि बिना अमेरिकी नाकाबंदी हटे वह किसी तरह की बात नहीं करेगा, जिससे ट्रंप भी खासे नाराज हुए और उन्होंने अपने दोनों दूतों, जिन्हें वह वार्ता के लिए इस्लामाबाद भेजने वाले थे, की यात्रा को रद्द कर दिया। जिसे शांति स्थापित करने के पाकिस्तान के प्रयासों को करारा झटका लगा है। इस बीच, भारत ने भी खाड़ी देशों संग अपनी कूटनीति तेज कर दी है। भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल ने आज संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से मुलाकात की है। पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच इस मुलाकात को काफी अहम माना जा रहा है।

द्विपक्षीय संबंधों और क्षेत्रीय स्थिति पर हुई चर्चा

संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान और एनएसए अजीत डोभाल के बीच मुलाकात में दोनों नेताओं ने व्यापक चर्चा की। इस दौरान उनके बीच रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने के उपायों,इलाके के हालात और आपसी लाभ के दूसरे मुद्दों पर चर्चा हुई।इस महीने की शुरुआत में विदेश मंत्री एस जयशंकर के दो दिन के दौरे के बाद यह भारत की ओर से यूएई का दूसरा उच्च स्तरीय दौरा है।

यूएई में भारतीय दूतावास ने दी जानकारी

इस मुलाकात के बारे में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में यूएई में भारतीय दूतावास ने भी जानकारी दी है। दूतावास ने कहा कि एनएसए अजीत डोभाल ने यूएई का आधिकारिक दौरा किया। उन्होंने राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से मुलाकात की। पीएम नरेंद्र मोदी का अभिवादन दिया। व्यापक रणनीतिक साझेदारी को गहरा करने के उपायों, क्षेत्रीय स्थिति और आपसी हित के दूसरे मुद्दों पर चर्चा की गई।"

एस जयशंकर ने भी की थी यूएई के राष्ट्रपति से मुलाकात

इस महीने की शुरुआत में,विदेश मंत्री डॉ. जयशंकर ने अबू धाबी में यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से मुलाकात की थी। मीटिंग के दौरान, डॉ. जयशंकर ने पश्चिम एशिया में संघर्ष के दौरान यूएई में भारतीय समुदाय की भलाई सुनिश्चित करने के लिए शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान का शुक्रिया अदा किया।दुबई के क्राउन प्रिंस, शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम भी मीटिंग के दौरान मौजूद थे।

विदेश मंत्री जयशंकर ने एक्स पर पोस्ट कर यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से मुलाकात के बारे में जानकारी दी थी। इस दौरान उन्होंने पश्चिम एशिया संघर्ष के दौरान भारतीय समुदाय की भलाई सुनिश्चित करने के लिए उनका शुक्रिया भी अदा किया था। साथ ही भारत-यूएई व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए उनके गाइडेंस के लिए भी धन्यवाद किया था।

खाड़ी देशों में पैठ गहरी करने में जुटा भारत

अमेरिका ईरान टकराव के बीच एनएसए अजीत डोभाल का यह दौरा बेहद अहम माना जा रहा है। ये दौरा खाड़ी देशों में भारत की पैठ को और गहरा करने की केंद्र सरकार की योजना का हिस्सा है। इसी पॉलिसी के तहत अमेरिका ईरान संघर्ष शुरू होने के बाद से भारत लगातार खाड़ी देशों के संपर्क में बना हुआ है। यूएई से पहले हाल ही में डोभाल ने सऊदी अरब का दौरा किया था, इस दौरान उन्होंने सऊदी अरब के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात और वार्ता की थी। इसके अलावा, खुद पीएम मोदी खाड़ी देशों के अपने समकक्षों से लगातार वार्ता कर रहें हैं।
Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article