Ukraine resolution in UN: रूस और यूक्रेन के बीच तत्काल, पूरी तरह एवं बिना शर्त सीजफायर लागू करने वाले संयुक्त राष्ट्र के प्रस्ताव पर हुई वोटिंग से भारत ने मंगलवार को दूरी बना ली। संयुक्त राष्ट्र महासभा में मंगलवार को यह प्रस्ताव पेश किया गया।'सपोर्ट फॉर लास्टिंग पीस इन यूक्रेन' वाले इस प्रस्ताव को यूक्रेन पर रूसी हमले के चार वर्ष पूरे होने पर पेश किया गया। 193 सदस्यों वाली महासभा में इस प्रस्ताव के पक्ष में 107 वोट और विरोध में 12 वोट जबकि 51 देश अनुपस्थित रहे। महासभा में इस प्रस्ताव को यूक्रेन ने पेश किया था।
अमेरिका ने भी प्रस्ताव से दूरी बनाई
वोटिंग से अनुपस्थित रहने वाले 51 देशों में भारत भी शामिल रहा। बहरीन, बांग्लादेश, ब्राजील, चीन, दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका, यूएई और अमेरिका सहित अन्य देश भी वोटिंग शामिल नहीं हुए। वहीं, यूक्रेन के राष्ट्रपति ने महासभा में प्रस्ताव का समर्थन करने वाले 107 देशों का आभार जताया। इस प्रस्ताव में पूर्ण सीजफायर एवं यूक्रेनी नागरिकों की वापसी की मांग की गई। जेलेंस्की ने कहा कि शांति चाहने वाला यह प्रस्ताव एक महत्वपूर्ण कदम है।
अपने सहयोगियों के साथ काम करता रहेगा यूक्रेन-जेलेंस्की
यूक्रेन के राष्ट्रपति ने आगे कहा कि शांति लाने के लिए यूक्रेन अपने वैश्विक सहयोगियों के साथ काम करता रहेगा। X पर अपने एक पोस्ट में जेलेंस्की ने कहा कि 'संयुक्त राष्ट्र में इस प्रस्ताव का समर्थन करने वाले 107 देशों के वह आभारी हैं। महासभा ने शांति की मांग रखने वाले हमारे प्रस्ताव को स्वीकार किया। यह प्रस्ताव पूरी तरह सीजफायर और हमारे लोगों की वापसी मांग करता है।'
