Israel War News: हमास आतंकियों ने इजराइल पर हमला कर दिया है। जिसे देखते हुए इजराइल में रहने वाले भारतीयों के लिए एडवाइजरी जारी की गई है। भारतीय नागरिकों से सतर्क रहने और स्थानीय अधिकारियों की सलाह दी गई है। वहीं हमास की ओर से इजराइल पर हमला किए जाने के बाद नेतन्याहू ने कहा कि 'हम युद्ध में हैं।'
एडवाइजरी में भारतीयों को दी गई ये जरूरी सलाह
इजराइल के पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने ट्वीट किया, "हम युद्ध में हैं।" वहीं भारतीयों के लिए जारी एडवाइजरी में लिखा गया है कि 'इजराइल की वर्तमान स्थिति को देखते हुए, यहां रह रहे सभी भारतीय नागरिकों से सतर्क रहने और स्थानीय अधिकारियों की सलाह के अनुसार सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करने का अनुरोध किया जाता है। कृपया सावधानी बरतें, अनावश्यक आवाजाही से बचें और सुरक्षा आश्रयों के करीब रहें। अतिरिक्त जानकारी के लिए, कृपया इज़राइली होम फ्रंट कमांड वेबसाइट (https://www.oref.org.il/en) या उनकी तैयारी विवरणिका देखें।'
जानकारी हासिल करने के लिए जारी हुआ संपर्क सूत्र
बता दें, आपातकालीन स्थिति में संपर्क करने के लिए इमरजेंसी नंबर और ई-मेल भी मुहैया कराया गया है। जानकारी प्राप्त करने के लिए cons1.telaviv@mea.gov.in और +97235226748 उपलब्ध कराया गया है। एडवाइजरी में आगे कहा गया है कि किसी भी अन्य मार्गदर्शन के लिए दूतावास कर्मी आपके साथ रहेंगे।
वहीं इजराइल के रक्षा मंत्री ने शनिवार को कहा कि आतंकवादी समूह हमास ने इजराइल के खिलाफ युद्ध छेड़ दिया है। उन्होंने दावा किया कि इस युद्ध में इजराइल जीतेगा। तेल अवीव में इजराइली सैन्य मुख्यालय में मंत्रिमंडल की बैठक के बाद रक्षा मंत्री योव गैलेंट ने चेतावनी दी कि हमास ने आज सुबह दक्षिणी और मध्य इजराइल में रॉकेट हमला करके बड़ी गलती की है। हमास के रॉकेट हमले में एक महिला की मौत हो गई और 16 अन्य लोग घायल हुए हैं। रक्षा मंत्री के कार्यालय से जारी एक बयान के मुताबिक, रक्षा मंत्री योव गैलेंट ने आईडीएफ की आवश्यकताओं के अनुसार आरक्षित सैनिकों के मसौदे को मंजूरी दे दी है।
