भारत की शीर्ष क्रम की बल्लेबाज एस मेघना ने शुक्रवार को क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास की घोषणा की। आंध्र प्रदेश की 30 साल की इस खिलाड़ी नवंबर 2022 में आखिरी बार भारत का प्रतिनिधित्व किया था। वह महिला प्रीमियर लीग में आरसीबी और गुजरात जायंट्स के लिए खेल चुकी है। मेघना ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट में लिखा, "खिलाड़ी के तौर पर क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास की घोषणा करते हुए मेरा दिल कृतज्ञता की भावना से भरा हुआ है। मैदान मेरा दूसरा घर रहा जिसने मुझे बहुत कुछ सिखाया। वहां दोस्तों से जो प्यार मुझे मिला, मैं उसे ताउम्र अपने साथ रखूंगी।
भारत के लिए तीन वनडे और 17 टी20 अंतरराष्ट्रीय खेलने वाली इस खिलाड़ी ने कहा, ’’मैदान मेरे लिए दूसरे घर की तरह रहा है। इसने मुझे विपरीत परिस्थितियों में डटे रहना और विनम्र बने रहना सिखाया। इसने मुझे ऐसी यादें और दोस्त दिये हैं जिन्हें मैं जीवनभर संजोकर रखूंगी।’’ 17 टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में मेघना के नाम 102.78 की स्ट्राइक रेट से 258 रन हैं। इस दौरान उन्होंने एक अर्धशतक भी जड़ा।
उन्होंने लिखा, ’’भले ही क्रिकेट खेलने के मेरे दिन अब समाप्त हो गए हैं, लेकिन इस खेल से मेरा रिश्ता कभी नहीं टूटेगा। मैं हमेशा क्रिकेट से जुड़ी रहूंगी। मेरा इरादा अपना जीवन इस खेल को कुछ लौटाने, अगली पीढ़ी के खिलाड़ियों को मार्गदर्शन देने और उस खेल की सेवा में समर्पित करने का है, जिसने मुझे सब कुछ दिया है।"
मेघना ने वर्ष 2016 में वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत की ओर से टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था। इसके छह साल बाद उन्होंने अपना पहला एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेला। उन्होंने दोनों ही प्रारूपों में एक-एक अर्धशतक लगाया है। उन्होंने विमेंस प्रीमियर लीग का तीन सीजन खेला था। पहला सीजन उन्होंने गुजरात जाएंट्स जबकि दो सीजन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के लिए खेला था। 2024 में वह आरसीबी चैंपियन टीम का हिस्सा थीं।
