Paris Firing: फ्रांस के पेरिस के पास गोलीबारी की घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। यह घटना यवेलिन्स क्षेत्र के ट्रैप्स और ला वेरिएर में हुई।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, सिरफिरे बंदूकधारी ने कार से अलग-अलग स्थानों पर राहगीरों पर गोलीबारी की। इस घटना के तत्काल बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि इस हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि घायलों में 12 वर्षीय लड़की भी शामिल है। अधिकारियों के मुताबिक, मृतकों की संख्या में इजाफा हो सकता है।
कार सवार ने अंधाधुंध चलाई गोलियां
स्थानीय मीडिया के मुताबिक, यवेलिन्स के ट्रैप्स शहर के मेयर अली राबेह ने बताया कि एक व्यक्ति ने अपनी कार से गोलियां चलाईं। उन्होंने कहा कि आरोपी बेतरतीब ढंग से गोलीबारी करता दिखाई दिया और ऐसा लग रहा था कि वह नरसंहार के इरादे से आया था। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 'अमेरिकी मध्यावधि चुनाव से पहले तेल की कीमतें बढ़ाने की कोशिश', ट्रंप ने ईरान के खिलाफ फिर खोला मोर्चा
फ्रांस के प्रधानमंत्री सेबेस्टियन लेकोर्नू ने गोलीबारी को बेहद गंभीर बताया और संदिग्ध की गिरफ्तारी की पुष्टि की। बताया जा रहा है कि घायलों में 29 वर्षीय और 49 वर्षीय दो लोग शामिल हैं, जिन्हें अलग-अलग अस्पतालों में ले जाया गया।
पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। हालांकि, गोलीबारी के पीछे की वजह और आरोपी की पहचान को लेकर विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
