शहर

बीफ खाने और कथित जातिगत उत्पीड़न के बाद 11वीं के छात्र ने की आत्महत्या, टीचर गिरफ्तार

Tamil Nadu News: तमिलनाडु के कोयंबटूर में 11वीं कक्षा के एक छात्र ने कथित तौर पर जातिगत भेदभाव और उत्पीड़न से तंग आकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने बताया कि छात्र की उम्र 16 साल थी और वह एक सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालय में 11वीं कक्षा में पढ़ता था।

Image

छात्र ने की आत्महत्या (फोटो साभार-iStock)

Tamil Nadu News: तमिलनाडु के कोयंबटूर में 11वीं कक्षा के एक छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आरोप है कि छात्र को जातिगत भेदभाव और गोमांस खाने को लेकर लगातार परेशान किया जा रहा था। पुलिस ने इस मामले में कक्षा अध्यापक को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना 21 अक्टूबर को पीलामेडू इलाके में हुई। पुलिस ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी। छात्र की उम्र 16 साल थी और वह एक सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालय में 11वीं कक्षा में पढ़ता था।

छात्र की मां ने पुलिस में दर्ज कराई शिकायत

छात्र की मां ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है और बताया कि करीब दो महीने पहले से उनके बेटे को स्कूल में परेशान किया जाने लगा था। इसकी शुरुआत छात्रवृत्ति योजना से हुई। पुलिस के अनुसार, एससी वर्ग के छात्रों के चयन के लिए कक्षा अध्यापक ने सभी विद्यार्थियों से उनकी जाति के बारे में पूछा था। टीचर ने यह भी पूछा था कि क्या वे गोमांस खाते हैं। इस पर छात्र और कुछ अन्य बच्चों ने बताया कि वे अनुसूचित जाति से हैं और गोमांस खाते हैं।

क्लास में सहपाठियों द्वारा चिढ़ाने का आरोप

शिकायत के मुताबिक, इसके कुछ दिनों बाद से ही सहपाठी छात्र को चिढ़ाने लगे। उस पर ताने कसे जाने लगे और उसे क्लास में अलग-थलग कर दिया गया। लगातार हो रहे इस उत्पीड़न से छात्र मानसिक तनाव में चला गया था। मां का आरोप है कि बेटे ने इस बारे में कक्षा अध्यापक और प्रधानाचार्य से कई बार शिकायत की, लेकिन स्कूल ने कोई कदम नहीं उठाया। लगातार अपमान और भेदभाव के चलते छात्र ने घर में फांसी लगाकर जान दे दी।

जनजातीय समुदाय आयोग ने मांगी रिपोर्ट

घटना के बाद पीलामेडू थाने की पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। इनमें स्कूल के प्रिंसिपल, कक्षा अध्यापक और दो सहपाठी शामिल हैं। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता के तहत आत्महत्या के लिए उकसाने और एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कक्षा अध्यापक को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, इस मामले में तमिलनाडु राज्य के आदि द्रविड़ार एवं जनजातीय समुदाय आयोग ने भी संज्ञान लिया है। आयोग ने कोयंबटूर शहर के पुलिस आयुक्त से रिपोर्ट मांगी है और आरोपियों पर हुई कार्रवाई का ब्योरा भी तलब किया है।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article