बिहार के सिवान से बड़ी खबर सामने आई है। यहां के आलमापुर गांव में पटाखा फैक्ट्री में भीषण धमाके की खबर है। शुरुआती जानकारी में दावा किया जा रहा है कि इस घटना में अभी तक 4 लोगों के मरने की सूचना है, उनके शव बरामद कर लिए गए हैं। इसके अलावा, कई लोगों के घायल होने की भी खबर है। सिवान के पुलिस अधीक्षक भारत सोनी ने इस घटना को लेकर बताया कि मौके पर राहत और बचाव कार्य जारी है।
यह घटना सिवान के जामो थाना क्षेत्र के अलमापुर गांव की है। सिवान के पुलिस अधीक्षक भारत सोनी ने बताया है कि घटना मकान में पटाखा बनाने के दौरान हुई। उन्होंने कहा कि धमाके की आवाज इतनी जोरदार थी कि इलाके में अफरा-तफरी मच गई, लोग घरों से बाहर निकल आए।
मलबे में अन्य लोगों की तलाश जारी
धमाके की तीव्रता से मकान को नुकसान पहुंचा है। घटनास्थल पर पुलिस राहत और बचाव कार्य में जुटी है। मलबे में अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका के बीच उनकी तलाश की जा रही है। घायलों की संख्या और उनकी स्थिति के बारे में विस्तृत जानकारी का इंतजार है।फिलहाल पुलिस घटना के कारणों और नुकसान का आकलन कर रही है।
