दुनिया

Typhoon Champi: ताइवान में भारी तबाही मचा सकता है टाइफून 'चांपी', चीन-जापान तक असर, हजारों उड़ानें निलंबित

तूफान का दायरा लगभग 320 किलोमीटर आंका गया है। इससे ताइवान के बड़े हिस्से के प्रभावित होने की आशंका है। मौसम विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि तूफान का असर लगभग दो दिनों तक रह सकता है। तटीय कस्बों में प्रशासन ने मोबाइल फोन के जरिए अलर्ट जारी किए हैं।

Image

ताइवान में पूर्वी तट से टकरा सकता है तूफान 'चांपी'।

Photo : AP

Typhoon Champi : टाइफून 'चांपी' के रौद्र रूप को देखते हुए ताइवान एवं जापान में सैकड़ों विमानों की उड़ान स्थगित कर दी गई है। 191 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से देश के पूर्वी तट की ओर बढ़ रहे इस तूफान की वजह से तेज बारिश और आंधी चल रही है। तूफान से जान-माल के नुकसान की आशंका देखते हुए अधिकारियों ने लोगों से तटवर्ती एवं पहाड़ी इलाकों से दूर रहने की सलाह दी है। उत्तर-पूर्वी तटीय इलाके में स्थित एक बांध के समीप रहने वाले लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया जा रहा है। जापान एवं ताइवान में सैकड़ों फ्लाइट्स रद्द होने से हजारों की संख्या में यात्री प्रभावित हुए हैं। दरअसल, प्रशांत महासागर में सुपर अल नीनो की स्थिति बनने के बाद गहरे दबाव वाला तूफान ताइवान की तरफ बढ़ रहा है।

चीन और फिर जापान की तरफ मुड़ सकता है तूफान

ताइवान शक्तिशाली हवाओं और भारी बारिश के खतरे से निपटने की तैयारी कर रहा है। तूफान 'चांपी' के अनुमानित मार्ग के अनुसार, यह उत्तर-पूर्वी ताइवान के करीब से गुजरने के बाद उत्तर की ओर मुड़कर चीन के पूर्वी तट की तरफ बढ़ेगा और अंततः दक्षिणी जापान की ओर जा सकता है। हालांकि, ताइवान की केंद्रीय मौसम प्रशासन (CWA) के पूर्वानुमानकर्ता लियू पेई-तेंग ने रॉयटर्स को बताया कि यदि तूफान द्वीप के पास पहुंचने पर धीमा पड़ता है या अपनी दिशा बदलता है, तो उसके सीधे ताइवान में दस्तक देने की आशंका भी बनी हुई है।

दो दिन तक रह सकता है तूफान का असर

तूफान का दायरा लगभग 320 किलोमीटर आंका गया है। इससे ताइवान के बड़े हिस्से के प्रभावित होने की आशंका है। मौसम विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि तूफान का असर लगभग दो दिनों तक रह सकता है। तटीय कस्बों में प्रशासन ने मोबाइल फोन के जरिए अलर्ट जारी किए हैं।

champi

champi

लोगों को 150 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार से चलने वाली हवाओं के प्रति आगाह करते हुए सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है। राजधानी ताइपे के आसपास के इलाकों समेत उत्तरी पहाड़ी क्षेत्रों में लगभग एक मीटर बारिश होने का अनुमान जताया गया है।

ताइवान में अलर्ट पर सेना

उत्तर-पूर्वी ताइवान के यिलान काउंटी में अधिकारियों ने रेत से भरी बोरियां वितरित की हैं। तेज हवाओं और भारी बारिश के बीच उभयचर वाहनों तथा हवा भरकर इस्तेमाल की जाने वाली बचाव नौकाओं को भी तैयार रखा गया है। बंदरगाह शहर सुआओ के प्रमुख ली मिंग-चेन ने कहा कि जरूरत पड़ने पर सेना निकासी और आपदा राहत कार्यों में सहायता करेगी। इस शहर में पिछले तूफानों के दौरान भीषण बाढ़ आ चुकी है।

जापान में उड़ानें रद्द, ओकिनावा में बिजली कटौती

तूफान चांपी के दक्षिण-पश्चिमी द्वीपों की ओर बढ़ने के साथ जापान में भी बड़े पैमाने पर जनजीवन प्रभावित हुआ है। अनुमान है कि तूफान ओकिनावा प्रांत के सबसे पश्चिमी आबाद द्वीप योनागुनी के ऊपर से गुजर सकता है। बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, जापान की चार एयरलाइंस ने 160 से अधिक उड़ानें रद्द कर दी हैं। ऑल निप्पॉन एयरवेज (ANA) ने मियाको और इशिगाकी हवाई अड्डों से आने-जाने वाली सभी उड़ानें पूरे दिन के लिए रद्द कर दीं। ओखोत्स्क मोनबेत्सु, ओकिनावा नाहा, त्सुशिमा, मियाजाकी और कागोशिमा हवाई अड्डों पर भी परिचालन प्रभावित हुआ है।

typhoon Champi

typhoon Champi

ओकिनावा में 3,630 घरों की बिजली आपूर्ति बाधित

जापान एयरलाइंस ने ताइपे सोंगशान एयरपोर्ट और ताइवान ताओयुआन इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए अपनी उड़ानें रद्द करने की घोषणा की। इस बीच, ओकिनावा इलेक्ट्रिक पावर के अनुसार, ओकिनावा में 3,630 घरों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। कंपनी ने बताया कि तेज हवाओं और भारी बारिश के कारण मरम्मत कार्य खतरनाक हो गया है, इसलिए दूर से ही मरम्मत संबंधी काम किए जा रहे हैं।

चीन ने जारी किया मौसम अलर्ट

तूफान चांपी के सप्ताहांत में चीन के पूर्वी तट के करीब से गुजरने की आशंका के बीच चीन के मौसम विभाग ने ब्लू अलर्ट जारी किया है। यह देश की चार-स्तरीय चेतावनी प्रणाली का सबसे निचला स्तर है। मौसम विभाग ने शंघाई समेत पूर्वी तटीय क्षेत्रों में तेज हवाओं और 50 से 80 मिलीमीटर तक बारिश होने की चेतावनी दी है। वहीं, झेजियांग प्रांत में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यह चीन की मौसम चेतावनी प्रणाली में दूसरा सबसे उच्च स्तर है। प्रांत के तट पर ऊंची लहरें उठने की आशंका जताई गई है।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article