देश

'तय गश्त से हटती हैं चीनी सेनाएं तो बिगड़ते हैं हालात', LAC पर तनाव को लेकर MEA, कहा- लंबित मुद्दों पर वार्ता जारी

विदेश मंत्रालय ने यह भी कहा कि दोनों पक्ष सीमा प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए कुछ क्षेत्रों में LAC को लेकर आपसी समझ बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा करने पर सहमत हुए हैं। मंत्रालय ने जोर दिया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति और स्थिरता बनाए रखना भारत-चीन संबंधों के समग्र विकास के लिए बेहद जरूरी है।

Image

भारत-चीन सीमा विवाद। -फाइल फोटो

भारत-चीन सीमा पर हालात और वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) पर जारी बातचीत को लेकर विदेश मंत्रालय ने बड़ा अपडेट साझा किया है। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि जब चीनी सेनाएं पहले से तय गश्त के पैटर्न से हटती हैं, तो सीमावर्ती क्षेत्रों में स्थिति समय-समय पर बिगड़ जाती है। मंत्रालय ने बताया कि दोनों देश एलएसी पर लंबित मुद्दों को सुलझाने और गलतफहमी या गलत आकलन से बचने के लिए मौजूदा राजनयिक और सैन्य तंत्रों का इस्तेमाल जारी रखे हुए हैं।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने यह भी कहा कि दोनों पक्ष सीमा प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए कुछ क्षेत्रों में LAC को लेकर आपसी समझ बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा करने पर सहमत हुए हैं। मंत्रालय ने जोर दिया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति और स्थिरता बनाए रखना भारत-चीन संबंधों के समग्र विकास के लिए बेहद जरूरी है। इसके साथ ही मंत्रालय ने इस मुद्दे पर विस्तृत जानकारी के लिए रक्षा मंत्रालय से संपर्क करने की सलाह भी दी है।

भारत-अजरबैजान के बीच आर्थिक और ऊर्जा सहयोग पर जोर

इसके साथ ही भारत और अजरबैजान के विदेश मंत्रियों ने दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग, व्यापार, ऊर्जा संबंधों और सांस्कृतिक रिश्तों को मजबूत करने पर जोर दिया। बातचीत में अजरबैजान और आर्मेनिया के बीच शांति समझौते को लेकर भारत के समर्थन का मुद्दा भी शामिल रहा। दोनों देशों के बीच सहयोग बढ़ाने पर जोर ऐसे समय में आया है, जब क्षेत्रीय स्थिरता और आर्थिक साझेदारी को मजबूत करना कूटनीतिक चर्चाओं का अहम हिस्सा बना हुआ है।

सऊदी अरब से 13 हजार से ज्यादा भारतीय उमरा जायरीन लौटे

सऊदी अरब में उमरा के लिए गए 13 हजार से अधिक भारतीय जायरीन स्वदेश लौट चुके हैं। विदेश मंत्रालय ने जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वहां अब भी फंसे भारतीयों की सहायता के लिए भारतीय दूतावास और वाणिज्य दूतावास लगातार काम कर रहे हैं। रियाद स्थित भारतीय दूतावास और जेद्दा स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास में 24 घंटे सक्रिय कंट्रोल रूम संचालित किए जा रहे हैं, ताकि जरूरतमंद भारतीय नागरिकों को सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

फ्रांस, इटली और बेल्जियम में विरोध प्रदर्शनों पर नजर

यूरोप के कुछ देशों में जारी विरोध प्रदर्शनों के बीच भारतीय मिशन वहां रह रहे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा पर नजर रखे हुए हैं। विदेश मंत्रालय ने कहा कि फ्रांस, इटली और बेल्जियम में भारतीय मिशन स्थानीय घटनाक्रम पर करीबी नजर रख रहे हैं और भारतीय नागरिकों के संपर्क में हैं। भारतीय नागरिकों को सतर्क रहने और स्थानीय प्रशासन तथा भारतीय मिशनों की ओर से जारी सुरक्षा संबंधी सलाह का पालन करने की हिदायत दी गई है।
Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article