Israel Hamas Conflict: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को गाजा पीस प्लान को लेकर हमास को एक और चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि हमास को अब देरी नहीं करनी चाहिए, जल्दी कदम उठाने होंगे, वरना सभी शर्तें बेकार हो जाएंगी।
ट्रंप ने क्या कुछ कहा?
ट्रंप ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ''मैं इस बात की सराहना करता हूं कि इजरायल ने बंधकों की रिहाई और शांति समझौते को पूरा करने का मौका देने के लिए बमबारी अस्थायी रूप से रोक दी है। हमास को जल्दी कदम उठाने होंगे, वरना सभी शर्तें बेकार हो जाएंगी। मैं किसी भी प्रकार की देरी बर्दाश्त नहीं करूंगा, और न ही ऐसा कोई नतीजा स्वीकार करूंगा, जिससे गाजा फिर से खतरे में पड़ जाए। इसे जल्द से जल्द पूरा करें। सभी के साथ निष्पक्ष व्यवहार किया जाएगा!
हमास को रविवार तक का अल्टीमेटम
इससे पहले, ट्रंप ने हमास को शांति समझौते पर सहमत होने के लिए रविवार तक का समय दिया था। ट्रंप ने कहा था कि अगर हमास गाजा पट्टी के लिए प्रस्तावित शांति समझौते पर रविवार शाम छह बजे तक सहमत नहीं होता है, तो चरमपंथी समूह को और अधिक हमलों का सामना करना पड़ेगा।
ट्रंप ने कहा था कि हर देश ने इस पर हस्ताक्षर कर दिए हैं! अगर समझौते के इस आखिरी मौके में सफलता नहीं मिलती है, तो हमास पर ऐसा कहर टूटेगा, जैसा पहले कभी नहीं देखा गया। पश्चिम एशिया में किसी न किसी तरह से शांति कायम की जाएगी। ट्रंप ने इस हफ्ते की शुरुआत में इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ हुई बातचीत के बाद गाजा पट्टी में युद्ध समाप्त करने के लिए एक योजना पेश की थी।
