क्रिकेट

शर्मनाक है, हरभजन ने भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर आईसीसी से की खास मांग

हरभजन सिंह ने भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर आईसीसी से एक खास अपील की है। दरअसल जब भी ये दोनों टीम खेलती है तो बीच मैदान खिलाड़ी बिना किसी बात के बहस करते हैं। तिलक वर्मा और पाकिस्तानी गेंदबाज अली रजा भी आपस में भिड़ गए थे।

Image

हरभजन सिंह (साभार-X)

भारत-पाकिस्तान की टक्कर चाहे जिस भी खेल में हो वह बिना किसी विवाद के खत्म नहीं होता। हाल ही में एसीसी मेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स में खेले गए भारत-पाकिस्तान मुकाबले में भी ऐसा ही कुछ देखने को मिला। रंधावा ने वैभव को आउट कर तेवर दिखाए तो तिलक वर्मा और पाकिस्तानी गेंदबाज अली रजा भी आपस में भिड़ गए थे। भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर पूर्व स्पिनर हरभजन सिंह ने मंगलवार को आईसीसी और संबंधित क्रिकेट बोर्डों से एक खास मांग की है। भारत-पाकिस्तान मैचों के दौरान खिलाड़ियों के बर्ताव पर लगाम कसने की अपील करते हुए हरभजन ने कहा कि दोनों टीमों की प्रतिक्रियायें भावी पीढ़ी के लिए एक "शर्मनाक" मिसाल पेश करती हैं।

दोहा में एशिया कप राइजिंग स्टार्स मैच में पाकिस्तान ए के हाथों भारत ए की 48 रन से हार के बाद दोनों टीमों के खिलाड़ियों में हुई तीखी बहस का हवाला देते हुए हरभजन ने कहा कि दोनों टीमों का बर्ताव उचित नहीं था। उन्होंने एचएसबीसी गोल्फिंग लीग के लांच से इतर कहा ,’’ आईसीसी और दोनों क्रिकेट बोर्ड को दखल देना होगा । भारत और पाकिस्तान के खिलाड़ियों की प्रतिक्रिया सही नहीं थी । यह शर्मनाक है और आने वाली पीढी के लिये खराब मिसाल पेश करती है।’’

भारत पाकिस्तान मैच काफी तनावपूर्ण रहा। भारत ए के कप्तान तिलक वर्मा और पाकिस्तान ए के कप्तान अब्दुल समद ने टॉस के समय हाथ नहीं मिलाया।

मैदान पर पाकिस्तान ए की पारी के दौरान भारतीय तेज गेंदबाज हर्षित राणा और पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाजी शामिल हुसैन और माज सदाकत के बीच बहस हो गई। बाद में राणा के शून्य पर आउट होने पर पाकिस्तानी स्पिनर सूफियान मोकिम ने छींटाकशी की जब उनके साथी खिलाड़ी ने उन्हें रोका।

हरभजन ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में 15 ओवर बाकी रहते ड्रॉ पर सहमति जताने पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा ,’’ मैं होता तो पूरे 15 ओवर खेलना चाहता। अनिल कुंबले की सोच भी आखिरी गेंद पर लड़ने की थी । मुझे याद है कि सिडनी में आखिरी दो ओवर में माइकल क्लार्क ने दो विकेट लिये थे। कोई नहीं जानता कि 15 ओवर में क्या हो सकता है ।’’

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article