देश

Congress-SP Seat Sharing: 'जीतने वाली पहली 26 सीटों से हुई शुरुआत', कांग्रेस से गठबंधन पर अखिलेश यादव ने दिया बड़ा मैसेज

Congress-SP Seat Sharing: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर खींचतान जारी है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने एक्स पर पोस्ट कर 26 जीतने वाली सीटों से बातचीत की शुरुआत होने का संकेत दिया। सपा ने कांग्रेस को 26 सीटों का प्रस्ताव दिया है, जबकि कांग्रेस करीब 130 सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने सपा के प्रस्ताव पर नाराजगी जताई है।

Image

यूपी चुनाव से पहले कांग्रेस-सपा में सीटों पर खींचतान। ANI

Photo : ANI

Congress-SP Seat Sharing: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर खींचातान जारी है। इसी बीच सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने मंगलवार को एक्स पर पोस्ट करते हुए 26 सीटों का जिक्र किया है। अखिलेश यादव ने लिखा, "जीतनेवाली पहली ‘26 सीटों’ से हुई है शुरुआत मिलजुलकर समझदारी से और आगे बढ़ेगी बात।"

दरअसल, सपा महासचिव रामगोपाल यादव ने मंगलवार को बताया कि पार्टी ने कांग्रेस को 26 सीटों का प्रस्ताव दिया है। इसमें दो ऐसी सीटें शामिल हैं, जहां कांग्रेस ने 2022 के विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज की थी। इसके अलावा चार सीटें ऐसी हैं, जहां कांग्रेस दूसरे स्थान पर रही थी। बाकी 20 सीटों पर सपा का मानना है कि कांग्रेस के मुकाबले उसका अपना प्रदर्शन बेहतर रहा है।

दूसरी ओर, कांग्रेस ने शुरुआत में करीब 130 सीटों पर चुनाव लड़ने की इच्छा जताई थी। पार्टी का तर्क है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में उसके प्रदर्शन में सुधार हुआ है, इसलिए उसे गठबंधन में ज्यादा सीटें मिलनी चाहिए। ऐसे में सपा का 26 सीटों का प्रस्ताव दोनों दलों के बीच बातचीत का अहम मुद्दा बन गया है।

कांग्रेस ने 26 सीटों के प्रस्ताव पर क्या कहा?

सपा के प्रस्ताव पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सीटों के लिए भीख नहीं मांग रही है और गठबंधन में सीटों का बंटवारा आपसी सहयोग के आधार पर होना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस अब 2022 के मुकाबले मजबूत स्थिति में है।

वहीं, उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा 'मोना' ने कहा कि सीटों पर बातचीत अभी पूरी नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि दोनों दल हर सीट पर चर्चा कर रहे हैं और अगली बैठक की तारीख तय की जाएगी। सपा महासचिव रामगोपाल यादव ने भी कहा कि बातचीत आगे जारी रहेगी और अगले दो दौर की बैठकों में फैसला होने की उम्मीद है।

गौरतलब है कि सपा की ओर से कांग्रेस को 26 सीटों की पेशकश किए जाने की खबर पर कांग्रेस नेता इमरान मसूद ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने साफ कहा कि उनकी पार्टी किसी से सीटों की भीख नहीं मांग रही है। उन्होंने कहा कि गठबंधन में सीटें मांगने और आपसी सहयोग के बीच फर्क होता है। दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे पर बातचीत अभी जारी है।

2022 में कांग्रेस को मिली थीं सिर्फ दो सीटें

उत्तर प्रदेश विधानसभा में कुल 403 सीटें हैं। साल 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 399 सीटों पर चुनाव लड़ा था, लेकिन उसे सिर्फ दो सीटों पर जीत मिली थी। वहीं, समाजवादी पार्टी ने 111 सीटें जीती थीं। 2017 के विधानसभा चुनाव में दोनों दलों ने गठबंधन कर चुनाव लड़ा था। उस समय कांग्रेस को सात और सपा को 54 सीटों पर जीत मिली थी।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article