PM Modi Receives Israel Parliaments Top Award: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बुधवार को इजरायली संसद के सर्वोच्च सम्मान 'स्पीकर ऑफ द नेसेट मेडल' से सम्मानित किया गया। पीएम मोदी ऐसे एकलौते शख्स हैं, जिन्हें इस सर्वोच्च सम्मान से नवाजा गया है।
नेसेट स्पीकर अमीर ओहाना ने इजरायली संसद में प्रधानमंत्री मोदी के संबोधन के बाद उन्हें यह पदक प्रदान किया। यह पदक भारत और इजरायल के बीच रणनीतिक संबंधों को मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री के असाधारण योगदान के वास्ते प्रदान किया गया है। मोदी ऐसे वैश्विक नेता हैं, जिन्हें इज़रायल और फलस्तीन दोनों से शीर्ष पुरस्कार प्राप्त हुए हैं। प्रधानमंत्री मोदी को 2018 में 'ग्रैंड कॉलर आफ द स्टेट ऑफ फलस्तीन' से सम्मानित किया गया, जो विदेशी नेताओं के लिए सर्वोच्च फलस्तीनी सम्मान है।
PM मोदी ने की आतंकी हमले की निंदा
पीएम मोदी का इजरायली संसद में जोरदार स्वागत हुआ। इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने पीएम मोदी को न सिर्फ अपना भाई बताया, बल्कि ताली बजाकर उनका जोरदार स्वागत भी किया। इजरायली सांसदों ने तो खड़े होकर मोदी-मोदी के नारे लगाए। इस दौरान, पीएम मोदी ने नेसेट को संबोधित करते हुए सात अक्टूबर, 2023 को हमास द्वारा किए गए 'बर्बर आतंकवादी हमले' की निंदा की और कहा, 'हम आपके दर्द को महसूस करते हैं, हम आपके शोक में आपके साथ हैं।'
'भारत से लाया हूं दोस्ती का संदेश'
पीएम मोदी ने कहा कि आतंकवाद का मुकाबला करने के लिए निरंतर और समन्वित वैश्विक कार्रवाई की आवश्यकता है, क्योंकि दुनियाभर में कहीं भी आतंकवाद शांति के लिए खतरा है। उन्होंने कहा कि इस समय भारत पूरी दृढ़ता के साथ इजराइल के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि भारत गाजा में शांति की पहल का समर्थन करता है। उन्होंने कहा, ''शांति का मार्ग हमेशा आसान नहीं होता, लेकिन भारत इस क्षेत्र में संवाद, शांति और स्थिरता के लिए आपके और विश्व के साथ खड़ा है।''
पीएम मोदी ने कहा कि मैं 1.4 अरब भारतीयों की ओर से शुभकामनाएं और मित्रता, सम्मान और साझेदारी का संदेश लेकर आया हूं। उन्होंने कहा, ''हमारी सहभागिता का दायरा और विस्तार बढ़ा है और हम कई क्षेत्रों में इस संबंध को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।''
इजरायली सांसदों से मिले PM मोदी
नेसेट को संबोधित करने के बाद पीएम मोदी ने इजरायली सांसदों से मुलाकात की। इस दौरान सांसदों ने पीएम मोदी के साथ तस्वीरें क्लिक कीं। इस मुलाकात का एक वीडियो भी सामने आया है।
