उत्तरी नाइजीरिया में बंदूकधारियों ने तीन गांवों पर एक साथ हमला कर कम से कम 15 लोगों की हत्या कर दी। मानवाधिकार संगठन एमनेस्टी इंटरनेशनल ने इस पर चिंता जाहिर की है।एमनेस्टी इंटरनेशनल ने बताया कि शनिवार को नाइजर राज्य के बोर्गु क्षेत्र के तशन माजे,सादुरो और रुन्तुवा गांवों में हमलावरों ने धावा बोला। दर्जनों मोटरसाइकिलों पर सवार बंदूकधारी चारों दिशाओं में गोलीबारी करते हुए गांवों में घुस गए। इस दौरान उन्होंने दुकानों को भी लूट लिया। एमनेस्टी ने इसे “भयावह हमला” करार देते हुए कहा कि इससे साफ है कि लोग लगातार असुरक्षा और डर के साए में जी रहे हैं। हमलावरों की पहचान फिलहाल स्पष्ट नहीं है।
जटिल सुरक्षा संकट से जूझ रहा उत्तरी नाइजीरिया
उत्तरी नाइजीरिया लंबे समय से बहुस्तरीय सुरक्षा संकट का सामना कर रहा है। पूर्वोत्तर में इस्लामी उग्रवादी सक्रिय हैं, जबकि उत्तर-पश्चिम और उत्तर-मध्य क्षेत्रों में सशस्त्र आपराधिक गिरोह फिरौती के लिए अपहरण और हमलों को अंजाम देते रहे हैं।
अफ्रीका के सबसे अधिक आबादी वाले देश में हालात को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चिंता जताई गई है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल में आरोप लगाया था कि नाइजीरिया ईसाइयों की सुरक्षा करने में विफल रहा है,हालांकि नाइजीरियाई सरकार ने इन आरोपों को खारिज किया है।
अमेरिकी और नाइजीरियाई सैन्य कार्रवाई
दिसंबर में अमेरिकी बलों ने उत्तर-पश्चिमी नाइजीरिया में इस्लामिक स्टेट से जुड़े आतंकियों पर हवाई हमले किए थे। पिछले महीने नाइजीरियाई अधिकारियों ने कहा कि अमेरिका, उग्रवाद से निपटने के लिए देश की सेना को प्रशिक्षण देने हेतु सैनिक भेज रहा है। इसी बीच, नाइजीरियाई सेना ने रविवार को दावा किया कि पिछले 24 घंटों में उसने आतंकियों के खिलाफ निर्णायक सफलता हासिल की है। सेना के मुताबिक 20 संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है और बड़ी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद, चोरी का कच्चा तेल, अवैध नशीले पदार्थ तथा पशुधन बरामद किया गया है।
इससे पहले, पिछले सप्ताह उत्तर-पश्चिमी जमफारा राज्य में भी 38 लोगों की हत्या और कई अन्य के अपहरण की घटना सामने आई थी,जिससे क्षेत्र में भय और अस्थिरता और बढ़ गई है।
