वॉशिंगटन डीसी में व्हाइट हाउस के ठीक उत्तर स्थित लाफायेट पार्क के पास रविवार तड़के हुई गोलीबारी ने राजधानी की सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया। ईरान के साथ अमेरिका के बढ़ते तनाव के बीच इस घटना को लेकर सुरक्षा तंत्र और भी सतर्क हो गया है। हालांकि राहत की बात यह है कि इस फायरिंग में किसी के घायल होने की पुष्टि नहीं हुई और घटना स्थल से कोई संदिग्ध तुरंत नहीं मिला।
आधी रात गूंजी गोलियों की आवाज, सीक्रेट सर्विस की त्वरित कार्रवाई
अमेरिकी सीक्रेट सर्विस ने बताया कि रात लगभग 1 बजे अधिकारियों को फायरिंग की सूचना मिली। सूचना मिलते ही व्हाइट हाउस के उत्तर में स्थित पूरे इलाके में यूनिफॉर्म्ड डिवीजन के जवानों को रवाना किया गया।
एजेंसी के बयान के अनुसार, पार्क और आसपास के इलाकों की गहन तलाशी ली गई, लेकिन कोई संदिग्ध नहीं पाया गया। किसी के घायल होने की भी कोई रिपोर्ट नहीं है। सीक्रेट सर्विस के संचार प्रमुख एंथनी गुग्लिएल्मी ने कहा कि घटना की जांच जारी है और जो भी नागरिक इस घटना के बारे में कोई जानकारी रखते हों, वे डीसी पुलिस से संपर्क करें।
कई एजेंसियों का संयुक्त ऑपरेशन
फायरिंग की सूचना मिलते ही सीक्रेट सर्विस की यूनिफॉर्म्ड डिवीजन,डीसी मेट्रोपॉलिटन पुलिस, और यूएस पार्क पुलिस ने संयुक्त रूप से इलाके को सील कर विस्तृत तलाशी अभियान शुरू किया। अधिकारियों के अनुसार, एक संभावित वाहन और एक संदिग्ध व्यक्ति की तलाश जारी है, जिनके इस घटना से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है।
राष्ट्रपति निवास के पास होने के बावजूद अधिकारियों ने कहा कि व्हाइट हाउस के कामकाज पर कोई असर नहीं पड़ा। व्हाइट हाउस की गतिविधियां सामान्य रूप से जारी हैं, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। एहतियात के तौर पर आसपास की कई सड़कों को बंद कर दिया गया, जिनमें एच स्ट्रीट एनडब्ल्यू, आई स्ट्रीट एनडब्ल्यू और 16वीं स्ट्रीट एनडब्ल्यू के कुछ हिस्से शामिल हैं। अधिकारी लाफायेट पार्क के आसपास सुरक्षा घेरा बनाए हुए हैं।
