दुनिया

तीसरी पार्टी बनाना हास्यास्पद- मस्क के राजनीतिक ऐलान पर ट्रंप का तंज

एलन मस्क के पार्टी बनाने के ऐलान पर तंज कसते हुए ट्रंप ने इसे हास्यास्पद बताया है। ट्रंप और मस्क कभी दोस्त थे, चुनावी अभियान और सरकार तक में साथ रहे, लेकिन 'वन बिग ब्यूटीफुल बिल' को लेकर दोनों के बीच ऐसी तकरार हुई कि आज दोनों के रास्ते अलग हो चुके हैं।

Image

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और टेस्ला के सीईओ एलन मस्क (फाइल फोटो)

Photo : AP

टेस्ला सीईओ एलन मस्क की राजनीति में एंट्री और अलग पार्टी बनाने की घोषणा पर ट्रंप ने तंज कसते हुए हास्यास्पद बताया है। ट्रंप से जब मस्क की अमेरिका पार्टी को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने ये बातें कहीं। ट्रंप और मस्क कभी जिगरी दोस्त थे, लेकिन आज एक दूसरे के दुश्मन। सार्वजनिक तौर पर दोनों एक दूसरे को धमका चुके हैं।

मस्क का ऐलान

एलन मस्क ने रविवार को अपनी नई पार्टी का ऐलान करते हुए कहा कि वो जनता को एक विकल्प देंगे। अपने संदेश में, मस्क ने दोनों प्रमुख दलों पर अनियंत्रित सरकारी खर्च और भ्रष्टाचार में योगदान देने का आरोप लगाया। उनके मुताबिक, देश अब लोकतंत्र के रूप में नहीं, बल्कि बर्बादी और स्वार्थ से संचालित एक एकीकृत राजनीतिक मशीन के रूप में काम करता है।

ट्रंप का तंज

मस्क के इसी विकल्प वाली बात पर प्रतिक्रिया देते हुए ट्रंप ने कहा- "तीसरी पार्टी शुरू करना हास्यास्पद है। रिपब्लिकन पार्टी के साथ हमें जबरदस्त सफलता मिली है...यहां हमेशा से दो पार्टी प्रणाली रही है। तीसरी पार्टी शुरू करने से भ्रम बढ़ता है...वह इसका आनंद ले सकते हैं, लेकिन मुझे लगता है कि यह हास्यास्पद है।"

क्यों मस्क और ट्रंप के बीच बढ़ी दूरी

नई पार्टी का ऐलान मस्क और ट्रंप के बीच हाई-प्रोफाइल विवाद के बाद हुआ है, जो कभी राजनीतिक सहयोगी रह चुके हैं। सरकारी दक्षता विभाग (डीओजीई) के प्रमुख के रूप में मस्क के संक्षिप्त कार्यकाल के दौरान तनाव बढ़ गया था, जहां उन्होंने खर्च में कटौती और फेडरल वर्कफोर्स पॉलिसी में कमी के लिए दबाव डाला, जो ट्रंप के भारी घरेलू बजट से टकराव दर्शाती थी। तब से मस्क ट्रंप के राजकोषीय एजेंडे के मुखर आलोचक रहे हैं। ट्रंप ने स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान 'वन बिग ब्यूटीफुल बिल' पर हस्ताक्षर किए थे, जो अब एक कानून बन गया है। एलन मस्क पहले ही चेतावनी दे चुके थे कि अगर यह बिल पास होता है, तो अमेरिका में एक नई पार्टी का गठन होगा।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article