आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते इस्तेमाल के बीच अब एक और टेक कंपनी कानूनी विवाद में फंस गई है। ओपनएआई (OpenAI) के बाद अब पॉपुलर वेब ब्राउजर ब्रेव (Brave) पर भी कॉपीराइट उल्लंघन के आरोप लगे हैं। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, द न्यूयॉर्क टाइम्स (The New York Times), द न्यूयॉर्क डेली न्यूज (The New York Daily News) समेत कई समाचार प्रकाशनों ने ब्रेव सॉफ्टेवयर (Brave Software) के खिलाफ मुकदमा दायर किया है। इन मीडिया संस्थानों का आरोप है कि कंपनी ने उनकी खबरों का इस्तेमाल बिना अनुमति के एआई मॉडल को ट्रेनिंग देने में किया।
ब्रेव पर क्या हैं आरोप?
मीडिया संस्थानों की शिकायत के अनुसार, ब्रेव ने अलग-अलग न्यूज वेबसाइटों से आर्टिकल और न्यूज कलेक्ट कर उनका इस्तेमाल AI से जुड़ी सर्विस के लिए किया। आरोप है कि कंपनी ने इन खबरों को दूसरी एआई कंपनियों तक भी पहुंचाया और उनसे कमाई की।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि ब्रेव अपने यूजर्स को कुछ ऐसी पेड न्यूज रिपोर्ट पढ़ने की सुविधा देता है, जिनके लिए आमतौर पर अखबार या वेबसाइट का सब्सक्रिप्शन लेना पड़ता है। यानी बिना पैसे दिए भी यूजर्स को कुछ पेड सब्सक्रिप्शन वाली खबरें दी गईं। पब्लिशर्स का दावा है कि ब्रेव ने उनकी अनुमति के बिना कॉपीराइट वाले कंटेंट का इस्तेमाल किया। आरोपों में Perplexity, Anthropic और xAI जैसी एआई कंपनियों का भी नाम शामिल है।
न्यूयॉर्क टाइम्स ने क्या कहा?
द न्यूयॉर्क टाइम्स के प्रवक्ता ग्राहम जेम्स (Graham James) ने कहा कि हम एआई के एथिकल और रिस्पॉन्सिबल यूज और डेवपलपमेंट के पक्ष में हैं लेकिन इसके लिए कॉपीराइट कानूनों का पालन करना जरूरी है। उनके मुताबिक, ब्रेव ने बार-बार रिक्वेस्ट किए जाने के बावजूद कथित तौर पर खबरों के अनऑथराइज्ड इस्तेमाल को नहीं रोका।
Perplexity ने दिया जवाब
इस मामले में नाम आने के बाद एआई कंपनी परप्लेक्सिटी (Perplexity) ने भी प्रतिक्रिया दी है। कंपनी के प्रवक्ता ने न्यूयॉर्क टाइम्स की कानूनी कार्रवाई की आलोचना करते हुए कहा कि अखबार अपने पत्रकारों को कम भुगतान और वकीलों पर ज्यादा खर्च कर रहा है। कंपनी ने मुकदमे में गलत जानकारी होने का आरोप भी लगाया है।
पहले भी AI कंपनियों पर लगे हैं आरोप
यह पहला मौका नहीं है जब किसी मीडिया संस्थान ने एआई कंपनी के खिलाफ कॉपीराइट का मामला दर्ज कराया हो। इससे पहले न्यूयॉर्क टाइम्स समेत कई समाचार संगठनों ने ओपनएआई पर भी मुकदमा किया था। उनका आरोप था कि AI मॉडल को ट्रेनिंग देने के लिए उनकी खबरों का इस्तेमाल बिना अनुमति किया गया।
