Flydubai Incident: तेल अवीव जाने वाली फ्लाईदुबई की एक फ्लाइट में पिछले हफ्ते हुए हमले के बाद इजरायल में विमानन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जांच का दायरा बढ़ता हुआ नजर आ रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इजरायल के परिवहन मंत्रालय के दो वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ कथित तौर पर कॉन्फ्लिक्ट ऑफ इंटरेस्ट की जांच की जा रही है।
Haaretz और Channel 12 की रिपोर्ट्स के मुताबिक, जांच ड्विर रुबिनस्टिन और अव्री कोहेन की मंत्रालय में आधिकारिक जिम्मेदारियों के अलावा की जाने वाली निजी गतिविधियों पर केंद्रित है। खास तौर पर यह देखा जा रहा है कि उनकी निजी भूमिकाओं का सरकारी जिम्मेदारियों से किसी तरह का हितों का टकराव तो नहीं है।
रुबिनस्टिन पर ट्रेनिंग सेवाएं देने का आरोप
रिपोर्ट के मुताबिक, परिवहन मंत्रालय में सुरक्षा प्रमुख अव्री कोहेन कभी-कभी विदेशों में इजरायली एयरलाइंस के लिए 'रिजर्व सिक्योरिटी ऑफिसर' के तौर पर भी काम करते हैं। वहीं, विदेशी एयरलाइंस की सुरक्षा निगरानी की जिम्मेदारी संभालने वाले ड्विर रुबिनस्टिन पर निजी तौर पर एयरलाइंस को कंसल्टिंग और ट्रेनिंग सेवाएं देने का आरोप है। रिपोर्ट्स में कहा गया है कि इनमें फ्लाईदुबाई और एमिरेट्स भी शामिल हैं।
चैनल 12 की रिपोर्ट के मुताबिक, रुबिनस्टिन लगभग 19 साल से मंत्रालय के एविएशन सिक्योरिटी डायरेक्टर हैं और विदेशी एयरलाइंस तथा इजरायल आने वाली उड़ानों को सुरक्षा मंजूरी और परमिट देने की जिम्मेदारी से जुड़े हैं। इनमें फ्लाईदुबई और उसकी दुबई-तेल अवीव रूट की निगरानी भी शामिल है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: फ्रांस की सड़कों पर क्यों उतरे छात्र? प्रधानमंत्री ने बुलाई आपात बैठक; मंत्रियों के आगामी दौरे रद्द
आरोपों की हो रही जांच
रिपोर्ट्स के मुताबिक, रुबिनस्टिन ने निजी हैसियत से संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की यात्रा कर फ्लाईदुबई और एमिरेट्स को ट्रेनिंग तथा कंसल्टिंग सेवाएं दी थीं। इसी वजह से अब यह सवाल उठ रहा है कि एयरलाइंस की सुरक्षा निगरानी की जिम्मेदारी संभालने वाले सरकारी अधिकारी की निजी गतिविधियों से हितों का टकराव पैदा हुआ या नहीं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इन अधिकारियों के खिलाफ लगाए गए कॉन्फ्लिक्ट ऑफ इंटरेस्ट के आरोपों की अभी जांच जारी है।
