दुनिया

दुबई एयरपोर्ट के ऊपर सुनी गई धमाके की आवाज, आसमान में चक्कर लगाते दिखे विमान-रिपोर्ट

विमानों की आवाजाही पर नजर रखने वाली वेबसाइट फ्लाइट रडार 24 के मुताबिक विमानों को हवाई अड्डे के ऊपर चक्कर लगाते देखा गया। ईरान के हमलों के बीच दुबई के मुख्य एयरपोर्ट से बीते सोमवार को सीमित संख्या में उड़ानें शुरू हुई हैं। ईरान आए दिन संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) पर ड्रोन से हमले कर रहा है।

Image

खाड़ी के देशों पर ईरान के हमले जारी हैं। प्रतीकात्मक तस्वीर

Photo : AP

Explosion heard over Dubai airport : खाड़ी के देशों पर ईरान का हमला जारी है। एएफपी की रिपोर्ट में एक प्रत्यक्षदर्शी के हवाले से कहा गया कि शनिवार को दुबई एयरपोर्ट के ऊपर विस्फोट की आवाज सुनी गई। इसके बाद आसमान में धुएं का गुबार छा गया। विमानों की आवाजाही पर नजर रखने वाली वेबसाइट फ्लाइट रडार 24 के मुताबिक विमानों को हवाई अड्डे के ऊपर चक्कर लगाते देखा गया। ईरान के हमलों के बीच दुबई के मुख्य एयरपोर्ट से बीते सोमवार को सीमित संख्या में उड़ानें शुरू हुई हैं। ईरान आए दिन संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) पर ड्रोन से हमले कर रहा है।

शनिवार को दुबई हवाई अड्डे पर 4 कर्मचारी घायल हुए

दुबई मीडिया कार्यालय ने X पर एक पोस्ट में कहा कि 'इंटरसेप्शन के बाद गिरे मलबे से हुआ यह एक मामूली हादसा था, और उसी पोस्ट में हवाई अड्डे से जुड़ी फैल रही खबरों का भी खंडन किया। पिछले शनिवार दुबई हवाई अड्डे पर चार कर्मचारी घायल हो गए और एक कॉनकोर्स (टर्मिनल का हिस्सा) को नुकसान पहुंचा, जब अमेरिका-इजराइल द्वारा ईरान पर हमलों के बाद युद्ध शुरू हो गया।

'घटना को जल्दी ही नियंत्रित कर लिया गया'

दुबई एयरपोर्ट ने उस समय कहा था कि घटना को जल्दी ही नियंत्रित कर लिया गया। ईरान के हमलों ने अबू धाबी हवाई अड्डे, पाम जुमेराह के उच्च-स्तरीय आवासीय इलाके और बुर्ज अल अरब लग्जरी होटल को भी प्रभावित किया है, जबकि मंगलवार को ड्रोन के मलबे से दुबई स्थित अमेरिकी वाणिज्य दूतावास में आग लग गई।

तेहरान में शनिवार तड़के कई विस्फोट

ईरान की राजधानी तेहरान में शनिवार तड़के कई विस्फोट हुए, जिनसे आसमान में काले धुएं के गुबार उठते दिखाई दिए। इसके जवाब में ईरान ने इजराइल की ओर मिसाइलें दागीं। इस बीच अमेरिका ने चेतावनी दी कि जल्द ही बड़े पैमाने पर बमबारी अभियान शुरू किया जा सकता है, जिसे अधिकारी सप्ताह भर से जारी संघर्ष का अब तक का सबसे तीव्र हमला बता रहे हैं।

हर जरूरी कदम उठाएंगे-ईरान

क्षेत्र में लड़ाई खत्म होने के कोई संकेत नहीं दिख रहे। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन ने इज़राइल को 15.1 करोड़ डॉलर के नए हथियारों की बिक्री को मंजूरी दे दी। ट्रंप ने कहा कि ईरान के बिना शर्त आत्मसमर्पण करने तक उससे कोई बातचीत नहीं होगी। वहीं, संयुक्त राष्ट्र में ईरान के राजदूत ने कहा कि देश अपनी रक्षा के लिए हर जरूरी कदम उठाएगा। ईरान खाड़ी के देशों पर लगातार हमले कर रहा है।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article