देश

अब झोला उठाने का वक्त आ गया है- बढ़ी महंगाई तो कांग्रेस ने सरकार को घेरा, बोले जयराम- वोट चोरी के साथ बचत चोरी भी

कांग्रेस ने देश में बढ़ती महंगाई को लेकर सरकार पर बड़ा हमला बोला है। जयराम रमेश ने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि अब बचत चोरी भी हो रही है।

Image

कांग्रेस नेता जयराम रमेश (फाइल फोटो- PTI)

कांग्रेस पार्टी ने मंगलवार को केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए बढ़ती महंगाई और 'वोट चोरी' के मुद्दों को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आड़े हाथों लिया। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट के जरिए सरकार पर जनता की अनदेखी करने का गंभीर आरोप लगाया।

महंगाई 23 महीनों में उच्च स्तर पर

जयराम रमेश ने हालिया सरकारी आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि सितंबर महीने में खुदरा महंगाई बढ़कर 5.54 प्रतिशत के स्तर पर पहुंच गई है, जो पिछले 23 महीनों का सबसे उच्च स्तर है। इसके साथ ही खाद्य महंगाई बढ़कर 7.74 प्रतिशत हो गई है, जिससे आम आदमी की रसोई का बजट पूरी तरह से बिगड़ गया है।

प्याज से लेकर नींबू तक महंगा

उन्होंने कीमतों में हुई भारी बढ़ोतरी का जिक्र करते हुए कहा कि खाने-पीने की लगभग हर जरूरी वस्तु की कीमत हद पार कर चुकी है। आंकड़ों के मुताबिक, प्याज की कीमतों में 108 प्रतिशत, लहसुन में 55 प्रतिशत, अदरक में 63 प्रतिशत और नींबू में 36 प्रतिशत तक का इजाफा हुआ है।

कांग्रेस नेता ने केवल खाने-पीने की चीजों तक सीमित न रहते हुए कहा कि महंगाई का असर अब परिवहन, शिक्षा, कपड़े-जूते और घरेलू सामानों पर भी साफ दिखने लगा है। उनके अनुसार, गरीब आदमी की थाली से निवाला और मध्यम वर्ग की जेब से बचत लगातार गायब हो रही है, जबकि देश पर कर्ज का बोझ बढ़ता जा रहा है।

'वोट चोरी' के साथ-साथ आम जनता की 'बचत चोरी'- जयराम रमेश

सरकार पर तंज कसते हुए जयराम रमेश ने कहा कि 'अच्छे दिन' का वादा करके सत्ता में आई यह सरकार अब 'वोट चोरी' के साथ-साथ आम जनता की 'बचत चोरी' भी कर रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब ऐसी सरकार को जनता की नाराजगी और वोट खोने का डर ही नहीं है, तो वह आम जनता की परवाह क्यों करेगी।

अंत में रमेश ने प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में महंगाई और जनता का आक्रोश लगातार बढ़ रहा है, लेकिन प्रधानमंत्री इस पर कुछ बोलने के बजाय 'मौनी बाबा' बने बैठे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री के उस पुराने बयान का जिक्र करते हुए कहा कि अब उनके लिए "झोला उठाने का वक्त" आ गया है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें