दुनिया

एलन मस्क का बड़ा ऐलान, ट्रंप सरकार से अलग होने की घोषणा की, 5 महीने ही दे पाए सेवा

ट्रंप प्रशासन में अपनी सेवा को लेकर अरबपति कारोबारी एवं टेस्ला के मालिक एलन मस्क ने बड़ी घोषणा की है। उन्होंने X पर अपने एक पोस्ट में लिखा है कि चूंकि विशेष सरकारी कर्मचारी के रूप में मेरा निर्धारित समय समाप्त हो रहा है, इसलिए डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन से वह खुद को अलग करने का ऐलान कर रहे हैं।

Image

ट्रंप सरकार से अलग हुए एलन मस्क।

Elon Musk : ट्रंप प्रशासन में अपनी सेवा को लेकर अरबपति कारोबारी एवं टेस्ला के मालिक एलन मस्क ने बड़ी घोषणा की है। उन्होंने X पर अपने एक पोस्ट में लिखा है कि चूंकि विशेष सरकारी कर्मचारी के रूप में मेरा निर्धारित समय समाप्त हो रहा है, इसलिए डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन से वह खुद को अलग करने का ऐलान कर रहे हैं। इस पोस्ट में एलन मस्क ने लिखा कि 'मैं राष्ट्रपति ट्रंप को फिजूलखर्ची को कम करने के अवसर के लिए धन्यवाद देना चाहूंगा। DOGE मिशन समय के साथ और मजबूत होगा क्योंकि यह सरकार में जीवन का एक तरीका बन जाएगा।'

ट्रंप ने मस्क को DOGE विभाग का प्रमुख बनाया था

बता दें कि संघीय सरकार में फिजूलखर्ची रोकने और प्रशासनिक सुधारों के लिए ट्रंप ने उन्हें DOGE विभाग का प्रमुख बनाया था। इस पद पर रहते हुए मस्क ने कई सिफारिशें कीं जिन्हें ट्रंप प्रशासन ने लागू किया और बड़े स्तर पर प्रशासन के कामकाज से लोगों से छटनी की।

व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर, मस्क के पद छोड़ने की पुष्टि की।

ट्रंप के विधायी एजेंडे का मस्क ने किया है विरोध

मस्क का यह निर्णय उस दिन के ठीक बाद आया जब उन्होंने ट्रंप के विधायी एजेंडे की आलोचना की। उन्होंने कहा कि वह उस विधेयक से 'निराश' हैं जिसे राष्ट्रपति 'बिल्कुल सुंदर बिल' कहते हैं। इस कानून में कर कटौती और प्रवासन प्रवर्तन को सख्त करने के प्रावधान शामिल हैं। न्यूज चैनल सीबीएस से बातचीत करते हुए मस्क ने इसे 'एक विशाल खर्च वाला बिल' बताया जो संघीय घाटे को बढ़ाता है और उनके विभाग डिपार्टमेंट ऑफ गवर्नमेंट इफिशिएंसी (DOGE) के काम को 'कमजोर' करता है।

ट्रंप ने विधेयक में बदलाव का संकेत दिया है

मस्क ने कहा, 'मुझे लगता है कि कोई बिल बड़ा हो सकता है या सुंदर। लेकिन मुझे नहीं लगता कि वह दोनों हो सकता है।' बुधवार को ओवल ऑफिस में ट्रंप ने अपने एजेंडे का बचाव करते हुए कहा कि इस कानून पर बातचीत में 'नाज़ुक राजनीति' शामिल है। उन्होंने कहा, 'मुझे इसके कुछ हिस्से पसंद नहीं हैं, लेकिन कुछ हिस्सों को लेकर मैं बहुत उत्साहित हूं।' ट्रंप ने यह भी सुझाव दिया कि और बदलाव किए जा सकते हैं।

'मैं एलन की हताशा को समझ सकता हूं'

उन्होंने कहा, 'देखते हैं क्या होता है। अभी यह प्रक्रिया अधूरी है।' रिपब्लिकन पार्टी ने हाल ही में इस विधेयक को प्रतिनिधि सभा में पास कराया है और अब सीनेट में इस पर बहस हो रही है। मस्क की चिंताओं को कुछ रिपब्लिकन सांसदों का भी समर्थन मिला है। विस्कॉन्सिन के सीनेटर रॉन जॉनसन ने कहा, 'मैं एलन की हताशा को समझ सकता हूं।' हाउस स्पीकर माइक जॉनसन ने सीनेट से आग्रह किया है कि वे विधेयक में कम से कम बदलाव करें, क्योंकि हाउस रिपब्लिकन ने 'बहुत नाज़ुक संतुलन' स्थापित किया है जो बड़े बदलावों से बिगड़ सकता है। सीनेट द्वारा विधेयक में संशोधन के बाद प्रतिनिधि सभा को इसे अंतिम रूप से पारित करना होगा।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article