दुनिया

पाकिस्तानी बमबारी में तीन अफगानी क्रिकेटर समेत 8 की मौत, चार घायल

अफगानिस्तान के पक्तिका प्रांत में हुए एक दुखद घटनाक्रम में पाकिस्तान की सैन्य बमबारी की चपेट में आकर क्लब स्तर के तीन अफगानी क्रिकेटर समेत 8 की मौत हो गई, जबकि चार अन्य खिलाड़ी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

Image

अफगानिस्तान पर पाकिस्तान की बमबारी (फोटो- AP)

अफगानिस्तान के पक्तिका में पाकिस्तानी सैन्य शासन द्वारा की गई बमबारी में क्लब स्तर के तीन क्रिकेट खिलाड़ी शहीद हो गए हैं और चार अन्य घायल हो गए हैं। ये खिलाड़ी अपने मैच समाप्त होने के बाद पक्तिका के केंद्र, शाराना से अरगुन ज़िले लौट रहे थे, तभी उन्हें बमबारी का निशाना बनाया गया।

टोलोन्यूज ने सूत्रों के हवाले से कहा कि सभी खिलाड़ी पक्तिका की राजधानी शाराना में आयोजित एक स्थानीय क्रिकेट मैच में हिस्सा लेकर वापस अरगुन जिले लौट रहे थे। इसी दौरान पाकिस्तानी सैन्य बलों द्वारा की गई सीमा पार बमबारी का वे शिकार हो गए।

स्थानीय अधिकारियों ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि यह हमला बिल्कुल आम नागरिकों को निशाना बनाकर किया गया, जिनमें ये युवा खिलाड़ी भी शामिल थे। मृतकों की पहचान और उनकी उम्र का विवरण अभी सार्वजनिक नहीं किया गया है, लेकिन बताया जा रहा है कि सभी खिलाड़ी युवा और उभरते हुए क्रिकेटर थे, जो स्थानीय प्रतियोगिताओं में नियमित रूप से हिस्सा लेते थे।

इस हमले के बाद अफगान जनता और खेल प्रेमियों में भारी आक्रोश और शोक की लहर है। सोशल मीडिया पर लोग पाकिस्तान के इस हमले की कड़ी निंदा कर रहे हैं और अंतरराष्ट्रीय समुदाय से कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article