क्रिकेट

शारजाह में 42 साल के डिविलियर्स की तूफानी बल्लेबाजी, ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस के खिलाफ जड़ा- 37 गेंद में शतक

वर्ल्ड चैंपियंस लीजेंड्स लीग में साउथ अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया को 8 विकेट से हरा दिया। इस जीत के हीरो रहे एबी डिविलियर्स जिन्होंने नाबाद शतकीय पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 11 छक्के और 6 चौके जड़े।

Image

एबी डिविलियर्स (साभार-x)

42 साल के एबी डिविलियर्स ने बता दिया कि शेर कभी बूढ़ा नहीं होता। वर्ल्ड चैंपियंस ऑफ लीजेंड्स के 9वें मुकाबले में डिविलियर्स का यही अंदाज देखने को मिला जब उन्होंने ऑस्ट्रेलिया लीजेंड्स के खिलाफ चौके और छक्कों की झड़ी लगा दी। डिविलियर्स 40 गेंद में 111 रन बनाकर नाबाद रहे और अपनी टीम को 26 गेंद शेष रहते 8 विकेट से जीत दिला दी। साउथ अफ्रीका लीजेंड्स के सामने 210 रन का विशाल लक्ष्य था, जिसे उसने 16वें ओवर में ही केवल दो विकेट खोकर हासिल कर लिया। डिविलियर्स ने अपनी पारी मे 6 चौके और 11 छक्के जड़े। इस पारी के दम पर साउथ अफ्रीका लीजेंड्स ने 210 रन का लक्ष्य आसानी से हासिल कर लिया। डिविलियर्स के अलावा रिचर्ड लेवी ने 62 रन की तूफानी पारी खेली। उन्होंने 29 गेंद में 3 चौके और 5 छक्के जड़े।

37 गेंद में जड़ा शतक

एबी डिविलियर्स ने केवल 37 गेंद में अपना शतक पूरा किया। उन्होंने छक्का जड़कर अपनी सेंचुरी पूरी की। डिविलियर्स ने 37 गेंद में 10 छक्के और 5 चौके की मदद से शतक पूरा किया। आपको बता दें कि वनडे क्रिकेट में सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड भी एबी डिविलियर्स के नाम है। उन्होंने साल 2015 में 31 गेंद में शतक जड़ा था।

ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस की पहले बल्लेबाजी

इससे पहले ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए डार्शी शॉर्ट के 66 रन की तूफानी पारी के दम पर 5 विकेट के नुकसान पर 209 रन बनाए। डार्शी के अलावा कप्तान डेविड वॉर्नर ने 48 और जो बर्न ने 38 रन की पारी खेली। आखिर में जोनाथन वेल्स ने 12 गेंद में तेज-तर्रार 23 रन बनाए।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article