Earthquake Update: फिलीपींस में एक बार फिर से भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। सुबह-सुबह 6.0 तीव्रता का भूकंप आया जिसकी वजह से लोग दहशत में हैं और घरों से निकलकर सुरक्षित स्थान की ओर भागे। स्थानीय समयानुसार, शुक्रवार सुबह 7:03 बजे मिंडानाओ की धरती डोली है, जो बेहद शक्तिशाली भूकंप था।
अफगानिस्तान में भी लगे झटके
फिलीपींस के साथ-साथ अफगानिस्तान में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। स्थानीय समयानुसार तड़के 4:53 बजे भूकंप आया, रिक्टर स्केल पर जिसकी तीव्रता 4.3 मापी गई।
डर के साए में जी रहा फिलीपींस
फिलीपींस, जिसे फिलीपीन भी कहा जाता है, में 30 सितंबर को आए शक्तिशाली भूकंप में 69 लोगों की मौत हो गई थी। उस वक्त फिलीपींस में 6.9 तीव्रता का भूकंप आया था, जिससे सेबू प्रांत के बोगो शहर और आसपास के गांवों में कई मकान, नाइट क्लब और व्यापारिक इमारतें ढह गईं तथा इनके मलबे में कई लोग फंस गए थे।
अधिकारियों ने बताया था कि भूकंप का केंद्र बोगो से लगभग 19 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में था। बोगो सेबू प्रांत का एक तटीय शहर है, जिसकी आबादी लगभग 90,000 है और मौत के कुल आंकड़े में से लगभग आधी मौतें यहीं दर्ज की गई हैं। यह भूकंप समुद्र के नीचे एक भ्रंश रेखा में गति के कारण पांच किलोमीटर की कम गहराई पर उत्पन्न हुआ था।
