दुनिया

अब अमेरिकी डॉलर पर होगा Trump का सिग्नेचर, कैसे टूट गई 165 साल पुरानी परंपरा?

Trump Signature On US Currency: अमेरिका में पहली बार किसी मौजूदा राष्ट्रपति के हस्ताक्षर डॉलर पर दिखाई देंगे। राष्ट्रपति Donald Trump के सिग्नेचर जल्द ही अमेरिकी करेंसी पर छपेंगे, जो 250वीं स्वतंत्रता वर्षगांठ के मौके पर जारी किए जाएंगे। नए 100 डॉलर नोटों पर ट्रंप के साथ वित्त मंत्री Scott Bessent के हस्ताक्षर भी होंगे। इसके अलावा ट्रंप की तस्वीर वाला 24 कैरेट गोल्ड स्मारक सिक्का भी लॉन्च किया जाएगा।

Image

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हस्ताक्षर जल्द ही अमेरिकी मुद्रा (डॉलर) पर दिखाई देंगे। AI GENERATED

Trump Signature On US Currency: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हस्ताक्षर जल्द ही अमेरिकी मुद्रा (डॉलर) पर दिखाई देंगे। यह 1861 में डॉलर की शुरुआत के बाद से पहली बार होगा जब किसी मौजूदा राष्ट्रपति के हस्ताक्षर मुद्रा पर अंकित किए जाएंगे। अमेरिकी वित्त मंत्रालय ने यह निर्णय ऐसे वक्त लिया है जब अमेरिका इस वर्ष देश की स्वतंत्रता की 250वीं वर्षगांठ का जश्न मना रहा है।

इतिहास में होगा पहली बार...

अमेरिकी वित्त मंत्रालय के अधिकारी ब्रैंडन बीच ने ’एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा ’’अमेरिका की 250वीं वर्षगांठ पर राष्ट्रपति डोनाल्ड जे ट्रंप के हस्ताक्षर वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट के हस्ताक्षर के साथ जल्द ही अमेरिकी मुद्रा पर दिखाई देंगे। ऐसा इतिहास में पहली बार होगा और यह राष्ट्रपति के नेतृत्व एवं हमारे महान राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण का प्रतीक है।’’

Trump

अमेरिकी मुद्रा पर होंगे ट्रंप के सिग्नेचर। AP

सोने के सिक्के पर दिखेगा डोनाल्ड ट्रंप का चेहरा

इस महीने की शुरुआत में एक संघीय कला आयोग ने अमेरिकी स्वतंत्रता की 250वीं वर्षगांठ पर ट्रंप की छवि वाले 24 कैरेट सोने के स्मारक सिक्के के अंतिम डिजाइन को मंजूरी दी थी। इससे पहले 1926 में 150वीं सालगिरह पर तत्कालीन राष्ट्रपति केल्विन कूलिज की फोटो जॉर्ज वाशिंगटन के साथ सिक्के पर छपी थी। अब 100 साल बाद ट्रंप यह उपलब्धि हासिल करेंगे।

trump coin

24 कैरेट सोने के स्मारक सिक्के में होगी ट्रंप की तस्वीर। @RpsAgainstTrump

यूएस फेडरल लॉ के मुताबिक, किसी भी जीवित राष्ट्रपति की फोटो करेंसी (नोट या सिक्के) पर नहीं हो सकती। हालांकि, यूएस ट्रेजरर ब्रैंडन बीच ने ‘फॉक्स बिजनेस’ से कहा कि यह सिक्का रेगुलर चलने वाली करेंसी से अलग है। बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट के पास ‘प्रूफ गोल्ड कॉइन’ जारी करने का स्पेशल पावर है, इसलिए वे इसे कानूनी मान रहे हैं।

'ट्रंप शासन में डॉलर मजबूत'

बेसेंट ने एक बयान में कहा, ’’राष्ट्रपति ट्रंप के नेतृत्व में हम अभूतपूर्व आर्थिक विकास, डॉलर के स्थायी प्रभुत्व और राजकोषीय मजबूती एवं स्थिरता की राह पर हैं।" उन्होंने कहा, "हमारे महान देश और राष्ट्रपति डोनाल्ड जे ट्रंप की ऐतिहासिक उपलब्धियों को मान्यता देने का इससे अधिक प्रभावशाली तरीका कोई नहीं हो सकता कि अमेरिकी डॉलर पर उनका नाम अंकित हो और यह पूरी तरह उचित है कि यह ऐतिहासिक मुद्रा स्वतंत्रता के 250वें वर्ष के अवसर पर जारी की जाए।’’

ब्रैंडन बीच ने कहा कि अमेरिका के ’गोल्डन एज’ आर्थिक पुनरुत्थान के वास्तुकार के रूप में राष्ट्रपति ट्रंप की छवि निर्विवाद है और अमेरिकी मुद्रा पर उनके हस्ताक्षर छापना न केवल उचित है, बल्कि पूरी तरह से न्यायसंगत भी है। अमेरिकी वित्त विभाग ने जानकारी दी कि डिजाइन वाले नोट जून से छापे जाने शुरू होंगे । सबसे पहले 100 डॉलर के नोटों पर ट्रंप के हस्ताक्षर होंगे। नए नोटों पर वित्त सचिव स्कॉट बेसेंट के साथ-साथ ट्रंप के भी हस्ताक्षर होंगे।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article