दुनिया

Israel Lebanon Ceasefire: इजराइल-लेबनान के बीच 3 हफ्तों के लिए सीजफायर बढ़ा, ट्रंप ने किया ऐलान

Israel Lebanon Ceasefire: इजराइल और लेबनान के बीच जारी सीजफायर को तीन हफ्ते के लिए और बढ़ा दिया गया है। डोनाल्ड ट्रंप ने इसकी घोषणा की है।

Image

इजराइल और लेबनान के बीच सीजफायर की अवधि बढ़ी (फोटो- AP)

Israel Lebanon Ceasefire: ईरान के बाद अब इजराइल और लेबनान के बीच भी सीजफायर की तारीख बढ़ गई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ऐलान किया है कि इजराइल और लेबनान के बीच जारी सीजफायर तीन हफ्ते के लिए और बढ़ा दी गई है।

यह फैसला व्हाइट हाउस में हुई उच्चस्तरीय बातचीत के बाद सामने आया, जो पिछले एक हफ्ते में दोनों पक्षों के बीच दूसरी अहम बैठक थी।

सोमवार को खत्म हो रहा था सीजफायर

इससे पहले लागू किया गया 10 दिन का युद्धविराम, जो पिछले शुक्रवार से प्रभावी था, सोमवार को खत्म होने वाला था। ऐसे में इस विस्तार को क्षेत्र में तनाव कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। ट्रंप ने इस दौरान यह भी दोहराया कि अमेरिका किसी भी व्यापक समझौते के तहत ईरान पर दबाव बनाए रखेगा कि वह क्षेत्र में अपने समर्थित समूहों, खासकर हिज्जबुल्लाह (Hezbollah), को समर्थन देना बंद करे। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यह किसी भी संभावित समझौते की “जरूरी शर्त” है।

व्हाइट हाउस में हुआ समझौता

व्हाइट हाउस में हुई बैठक के दौरान अमेरिका में इजरायल के राजदूत Yechiel Leiter ने कहा कि इजरायल और लेबनान आज पहले से कहीं ज्यादा बातचीत के करीब हैं। उन्होंने इस पहल के लिए ट्रंप और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस का आभार जताया और उम्मीद जताई कि शांति की दिशा में प्रयास जारी रहेंगे। वहीं अमेरिका में लेबनान की राजदूत Nada Hamadeh Moawad ने इसे “ऐतिहासिक क्षण” बताते हुए कहा कि अमेरिकी समर्थन से दोनों देशों के बीच संबंध बेहतर हो सकते हैं।

इजराइल ने क्या कहा?

अमेरिका के इजरायल में विशेष दूत Mike Huckabee ने भी उम्मीद जताई कि दोनों देश आपसी मतभेदों को सुलझाकर साथ रह सकते हैं। उन्होंने कहा कि समस्या तब पैदा होती है जब क्षेत्र में कुछ ताकतें लगातार तनाव बढ़ाती हैं, लेकिन अगर यह हस्तक्षेप बंद हो जाए तो शांति संभव है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article