दुनिया

स्पेस फोर्स की तर्ज पर ट्रंप बनाने जा रहे AI फोर्स, ट्रुथ सोशल पर किया एलान, बोले- AI Czar की भी होगी नियुक्ति

ट्रंप ने कहा कि अब AI को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार इस महत्वपूर्ण उद्योग के विकास को किसी भी तरह बाधित या धीमा नहीं करेगी। इसके बजाय सरकार AI उद्योग को बढ़ावा देगी, उसकी मदद करेगी और इसके विकास पर नजर रखेगी।

Image

डोनाल्ड ट्रंप (File Photo)

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता यानी AI को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में कहा कि अमेरिका में AI की निगरानी और उससे जुड़े मामलों के लिए जल्द ही 'AI Force' बनाई जाएगी। इतना ही नहीं एक 'AI Czar'को भी नियुक्त किया जाएगा। यह घोषणा ऐसे समय हुई है जब AI के तेजी से विकास को लेकर अमेरिका में सुरक्षा और नियमन से जुड़े सवाल उठ रहे हैं।

ट्रंप ने कहा कि अमेरिका के राष्ट्रपति के तौर पर वह AI उद्योग को इस तरह नुकसान पहुंचने नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि इसकी शुरुआत डेटा सेंटरों पर हमलों से हुई,लेकिन बाद में लोगों को समझ आया कि जिन समुदायों में ये डेटा सेंटर बनाए गए हैं, उनके लिए ये कितने आर्थिक रूप से महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि डेटा सेंटरों की वजह से ज्यादा वेतन,कम टैक्स और सुरक्षित सड़कें जैसे फायदे सामने आए हैं और डेटा सेंटरों के खिलाफ अभियान काफी हद तक विफल हो गया है।

ट्रंप ने कहा कि अब AI को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार इस महत्वपूर्ण उद्योग के विकास को किसी भी तरह बाधित या धीमा नहीं करेगी। इसके बजाय सरकार AI उद्योग को बढ़ावा देगी, उसकी मदद करेगी और इसके विकास पर नजर रखेगी। हालांकि, गलत या आपराधिक गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी और मौजूदा आपराधिक एवं सिविल न्याय व्यवस्था के जरिए उनसे निपटा जा सकता है।

अमेरिका की GDP में 25 प्रतिशत तक योगदान

ट्रंप ने AI को अगली औद्योगिक क्रांति या इंटरनेट के समान महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि इसका प्रभाव उससे भी बड़ा हो सकता है और यह अमेरिका की GDP में 25 प्रतिशत तक योगदान दे सकता है। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका AI के क्षेत्र में चीन और दुनिया के बाकी देशों से आगे है और वह इस बढ़त को बनाए रखना चाहते हैं।

स्पेस फोर्स की तर्ज पर बनेगी AI फोर्स?

ट्रंप ने नई पहल की तुलना अपने पहले कार्यकाल में बनाई गई Space Force से की है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि प्रस्तावित AI Force का संस्थागत ढांचा क्या होगा, इसमें कितने लोग होंगे या इसे किस विभाग के अधीन रखा जाएगा। AI Czar की नियुक्ति को लेकर भी ट्रंप ने फिलहाल किसी नाम की घोषणा नहीं की है। उन्होंने कहा है कि इसके बारे में जल्द जानकारी दी जाएगी।

अमेरिका में AI को लेकर जारी है बहस

ट्रंप का यह ऐलान ऐसे समय हुआ है जब अमेरिका में AI के तेज विकास, डेटा सेंटरों के विस्तार और संभावित जोखिमों को लेकर बहस तेज है। कुछ तकनीकी विशेषज्ञ और AI कंपनियों के प्रमुख ज्यादा सुरक्षा उपायों और नियमन की मांग कर रहे हैं, जबकि ट्रंप का रुख AI के विकास को जारी रखने और अमेरिकी तकनीकी बढ़त बनाए रखने पर केंद्रित है।
Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article