दुनिया

ढाका में सात जगहों पर धमाके; जारी हुआ हाई अलर्ट,200 से अधिक चेकपॉइंट पर पुलिस तैनात

बांग्लादेश की राजधानी ढाका में कई जगह बम के धमाकों और एक बस में आग लगाए जाने की घटनाओं के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। ढाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस (DMP) ने शहर में 200 से ज्यादा चेकपोस्ट बनाए हैं।

Image

ढाका में सात जगहों पर धमाके के बाद अलर्ट।

Photo : iStock

बांग्लादेश की राजधानी ढाका में कई जगहों पर बम धमाकों के बाद अफरातफरी का माहौल है। यहां शुक्रवार की नमाज के बाद सिलसिलेवार ढंग से एक के बाद एक कई जगहों पर देशी बम से धमाके किए गए। इतना ही नहीं,काफरुल पुलिस स्टेशन के सामने एक बस में भी आग लगा दी गई। इन धमाकों के बाद राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस मौके की सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। वहीं, पूरी राजधानी में हाई अलर्ट जारी है। जांच के क्रम में पुलिस ने 200 से अधिक चेकपॉइंट बनाए हैं और गश्त बढ़ा दी गई है।

बता दें कि शुक्रवार को ढाका के जात्राबाड़ी, मालिबाग, मोहाखाली, मोगबाजार, बाबुबाजार, रामपुरा और न्यू मार्केट इलाकों में कच्चे बम धमाके होने की खबर सामने आई। इन घटनाओं में कम से कम तीन लोग घायल हुए। इसके अलावा काफरुल पुलिस स्टेशन के सामने खड़ी एक बस में रात करीब 10 बजे आग लगा दी गई। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

अलग-अलग इलाकों में हुए धमाके

पुलिस के मुताबिक, जात्राबाड़ी पुलिस स्टेशन के पास शाम करीब 7:30 बजे तीन से चार कच्चे बम फटे, जिसमें एक व्यक्ति घायल हुआ। मालिबाग और मोहाखाली में भी फ्लाईओवर से कॉकटेल बम फेंके जाने की सूचना है। बाबुबाजार फ्लाईओवर के नीचे हुए धमाके में दो लोग घायल हुए। मोगबाजार और रामपुरा में भी विस्फोट की घटनाएं सामने आईं। न्यू मार्केट इलाके में ढाका कॉलेज के सामने भी धमाका हुआ, हालांकि वहां किसी के घायल होने की खबर नहीं है।

200 से ज्यादा चेकपोस्ट, 515 गिरफ्तार

इन घटनाओं के बाद DMP ने राजधानी में 200 से ज्यादा चेकपोस्ट लगाए हैं। अतिरिक्त उपायुक्त नियाज मेहदी के अनुसार, इनका उद्देश्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। इसके साथ ही वाहनों की जांच और पुलिस पेट्रोलिंग जारी है। DMP के मुताबिक, शनिवार सुबह 10 बजे तक पिछले 24 घंटे में अलग-अलग अभियानों के दौरान 515 लोगों को गिरफ्तार किया गया और 47 मामले दर्ज किए गए। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ये आंकड़े पूरे शहर में चलाए गए अभियानों से जुड़े हैं और इन्हें सीधे तौर पर धमाकों या बस में आगजनी से जुड़ी गिरफ्तारियां नहीं माना गया है।

हथियार, विस्फोटक और नशीले पदार्थ बरामद

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान दो विदेशी पिस्तौल, दो मैगजीन, 10 गोलियां, तीन धारदार हथियार और पांच चाकू बरामद किए। विस्फोट किए गए कच्चे बमों से 53 लोहे की कीलें भी मिली हैं। इसके अलावा पुलिस ने 94.35 किलोग्राम गांजा, 11,167 याबा गोलियां और 121.3 ग्राम हेरोइन समेत अन्य सामान भी बरामद किया।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article