दुनिया

बहस, विवाद फिर ताबड़तोड़ गोलीबारी... अमेरिका के डेट्रॉयट में स्ट्रिप क्लब में फायरिंग, 3 की मौत, 4 लोग घायल

अमेरिका के डेट्रॉयट में रविवार सुबह एक आफ्टर-आवर्स स्ट्रिप क्लब में विवाद के बाद गोलीबारी हुई। इस घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो पुरुषों और दो महिलाओं समेत चार लोग घायल हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, घायलों की हालत जानलेवा नहीं है। मामले की जांच जारी है और पुलिस के पास कुछ सुराग भी हैं।

Image

डेट्रॉयट के स्ट्रिप क्लब में विवाद के बाद ताबड़तोड़ फायरिंग।

Photo : AP

अमेरिका के डेट्रॉयट में रविवार सुबह एक स्ट्रिप क्लब में हुई गोलीबारी से हड़कंप मच गया। पुलिस के मुताबिक, एक विवाद के बाद हुई फायरिंग में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हुए हैं। घायलों में दो पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। उन्हें निजी वाहनों से आसपास के अस्पतालों में ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। अधिकारियों के अनुसार, किसी की हालत फिलहाल जानलेवा नहीं बताई जा रही है।

डेट्रॉयट पुलिस के चीफ टॉड बेटिसन ने बताया कि पुलिस को सुबह करीब 7:21 बजे गोलीबारी की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर अधिकारियों को तीन पुरुष मृत मिले। पुलिस के मुताबिक, सभी पीड़ितों की उम्र 20 से 30 वर्ष के बीच होने का अनुमान है।

विवाद के बाद चली गोलियां

पुलिस चीफ ने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार, क्लब में पहले किसी बात को लेकर झगड़ा और विवाद हुआ था। इसके बाद मामला गोलीबारी तक पहुंच गया। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने विवाद को बंदूक के जरिए सुलझाने की कोशिश की, जिसके परिणामस्वरूप कई लोगों को गोली लगी।

पुलिस के मुताबिक, जिस जगह यह घटना हुई है, वह पहले भी अधिकारियों के रडार पर रही है। इस साल पुलिस को इस पते पर सात बार कॉल मिल चुकी हैं। पुलिस चीफ ने कहा कि जांचकर्ताओं के पास कुछ सुराग हैं, लेकिन फिलहाल उनके बारे में ज्यादा जानकारी साझा नहीं की गई है।

पुलिस ने लोगों से मांगी मदद

अधिकारियों ने बताया कि यह एक आफ्टर-आवर्स लोकेशन थी, यानी सामान्य समय के बाद भी यहां गतिविधियां चल रही थीं। डेट्रॉयट की मेयर मैरी शेफील्ड ने घटना पर चिंता जताते हुए लोगों से अपील की है कि अगर किसी के पास गोलीबारी से जुड़ी कोई जानकारी है तो वह पुलिस को उपलब्ध कराए।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article